बिलासपुर, 22 मार्च : राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की जबकि बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल भी विशेषतौर पर मौजूद रहे।
उन्होंने मेले की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने इस इस बार मेले को बहुआयामी रंग देने के लिए कई नई गतिविधियां शुरू की है जिनमें वॉइस आफ बिलासपुर, सतलुज महा आरती, लिटफेस्ट तथा नाट्य उत्सव जैसे नए आयाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले को जल्द ही माननीय मुख्यमंत्री की सहमति से राष्ट्र स्तरीय मेले का दर्जा दे दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस बार प्रस्तुत वार्षिक बजट में जिला बिलासपुर के लिए भी विकास की दृष्टि से कई नए प्रोजेक्ट्स को बजट में प्रावधान किया गया है जिसमें बिलासपुर के मंडी भराड़ी में नए बस स्टैंड परिसर का निर्माण, नैना देवी मंदिर परिसर के विकास कार्यों के लिए धनराशि का प्रावधान, शाह तलाई में चरण गंगा के विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए बजट का प्रावधान शामिल है। इसके अतिरिक्त लुहणु हेलिपैड के विकास कार्यों के लिए भी बजट में धनराशि का प्रावधान किया है।
मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मुख्य अतिथि एवं विधायक का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मंत्री की धर्मपत्नी सोनिका धर्माणी, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह, सहायक आयुक्त राजकुमार, हिमुडा निदेशक जितेंद्र चंदेल, निदेशक राज्य सहकारी बैंक सुनील शर्मा, गौरव शर्मा, तृप्ता , प्रोमिला, निर्मला राजपूत सहित मेला समिति से जुड़े अन्य अधिकारी तथा कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।