आकांक्षी जिला कार्यक्रम की प्रगति पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की समीक्षा
समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के दिए निर्देश
चंबा, मार्च 20-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया ।
बैठक में आकांक्षी जिला एवं खंड कार्यक्रम के तहत विभिन्न सूचकांकों, सम्पूर्णता अभियान 2.0 तथा निगमित उत्तरदायित्व योजना एवं नीति आयोग निधियों के उपयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मुकेश रेपसवाल ने आकांक्षी जिला एवं खंड कार्यक्रम के विभिन्न संकेतकों के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े संकेतकों के अंतर्गत जिले में कम जन्म वजन शिशु प्रतिशत दर मानक के तहत परिपूर्णता हासिल करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पोषण एवं संबंधित विशेषज्ञों के सहयोग से कार्यशाला आयोजित करने को कहा।
गर्भवती महिलाओं की समुचित प्रसव-पूर्व देखभाल सुनिश्चित करने के लिए कम से कम चार प्रसव-पूर्व जांच (एएनसी) पूर्ण कराने के लिए उनका समय पर पंजीकरण करने के निर्देश दिए गए।
मुकेश रेपसवाल ने कहा कि चूंकि सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत अधिकांश सूचकांकों की परिपूर्णता हासिल की जा चुकी है। ऐसे में विभागीय अधिकारी ऑनलाइन डाटा अपलोड करते समय विशेष निगरानी रखें।
उपायुक्त ने निगमित उत्तरदायित्व योजना एवं नीति आयोग निधियों के उपयोग को लेकर भी संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। साथ में उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र भी उपलब्ध करवाने को कहा।
बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.जालम सिंह भारद्वाज, उपनिदेशक उद्यान डॉ. प्रमोद शाह,
कृषि डॉ.भूपेंद्र सिंह, पशुपालन डॉ.राकेश भंगालिया, जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह, प्रबंधक अग्रणी बैंक डीसी चौहान, जिला विकास अधिकारी तिवेन्द्र चिनोरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास कमल किशोर शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी तिलक कुमार सहित विभिन्न खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े ।
=================================================
विभागीय अप्रयुक्त भूमि की सूचना
23 मार्च से पहले करवाई जाए उपलब्ध-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
चंबा, मार्च 20-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज विभिन्न विभागों के पास उपलब्ध अप्रयुक्त भूमि (अन-यूटिलाइज़्ड लैंड) की समीक्षा को लेकर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के सभागार में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में विभिन्न उप मंडल दंडाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े ।
उपायुक्त ने बैठक में निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के पास उपलब्ध अप्रयुक्त भूमि की विस्तृत जानकारी 23 मार्च से पूर्व जिला राजस्व अधिकारी द्वारा निर्धारित विशेष प्रारूप में उपलब्ध करवाई जाए। साथ में उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि यह जानकारी मोहल स्तर पर हो।
मुकेश रेपसवाल ने संबंधित उपमंडल दंडाधिकारियों को ज्यादा क्षेत्रफल वाली भूमि से संबंधित मामले को अलग से चिन्हित कर सूची प्रेषित करने को कहा ।
बैठक में कार्रवाई का संचालन जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रमजीत सिंह ने किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वावाज, उपनिदेशक उद्यान डॉ.प्रमोद शाह, कृषि डॉ.भूपेंद्र सिंह, पशुपालन डॉ.राकेश भंगालिया, महाप्रबंधक उद्योग मनीत कुमार, जिला पंचायत अधिकारी तिलक कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे ।
-------------------------------------------------------

सीबीएसई स्क्रीनिंग टेस्ट पर अध्यापकों को राजकीय कार्य पर, मिलेगा यात्रा भत्ता व दैनिक भत्ते का लाभ

चंबा, 20 मार्च-उपनिदेशक स्कूल शिक्षा सकेंडरी विकास महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि सीबीएसई सब-कैडर हेतु आयोजित स्क्रीनिंग टेस्ट, दिनांक 22 मार्च, 2026 में सम्मिलित होने वाले सभी अध्यापकों को राजकीय कार्य पर माना जाएगा।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी अध्यापकों को सरकारी नियमों के अनुसार यात्रा भत्ता व दैनिक भत्ते के साथ-साथ यात्रा अवधि का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
उपनिदेशक ने संबंधित अध्यापकों को दिशा निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित तिथि पर परीक्षा में समय पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें तथा आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लाएं।