चण्डीगढ़, 13.03.26- : पंजाब विश्वविद्यालय, चण्डीगढ़ के सेंटर फॉर पब्लिक हेल्थ द्वारा “गिव टू जेनरेशन” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला नेतृत्व, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा तथा समाज में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान को उजागर करना था।

कार्यक्रम में सीआरपीएफ की 13वीं बटालियन की कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने महिलाओं की भूमिका, उनकी आत्मनिर्भरता तथा समाज में उनकी बढ़ती भागीदारी पर प्रकाश डाला।

कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया ने विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता तथा सैनिटरी पैड के उपयोग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

अपने संबोधन में उन्होंने गुड टच और बैड टच के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर भी बल दिया तथा महिलाओं और बालिकाओं को आत्मसम्मान बनाए रखने और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दिव्यांगजनों के प्रति सहानुभूति, संवेदनशीलता और सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

अपने लाइव सेशनों के माध्यम से सिसोदिया मैडम देशभर में 50,000 से अधिक युवाओं और महिलाओं को प्रेरित कर चुकी हैं। विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी अनेक लोगों ने उनके विचारों और अनुभवों से प्रेरणा और मार्गदर्शन प्राप्त किया है। पंजाब विश्वविद्यालय में आयोजित यह सत्र उनके द्वारा युवाओं को प्रेरित करने, महिलाओं को सशक्त बनाने तथा एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने की निरंतर यात्रा का परिचायक रहा।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने उनके विचारों को अत्यंत प्रेरणादायक और जागरूकता बढ़ाने वाला बताया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया को सम्मानित किया तथा उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

यह कार्यक्रम समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण के संबंध में सकारात्मक संदेश फैलाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।