HAMIRPUR-11.03.26-
सी.एम.ओ कार्यालय में अंतराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन
आज दिनाक 11/ 03/2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ प्रवीण
चौधरी की अध्यक्षता में सी ऍम ओ ऑफिस के कांफ्रेंस हॉल में
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया, जिसमे जिला स्वास्थ्य
अधिकारी डा. अजय अत्री, जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. सुनील वर्मा, एसीएफ
देश राज शोंखले व कार्यालय के सभी स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी द्वारा बताया गया
की यह दिवस हर साल मार्च में मनाया जाता है और यह दिन उन सभी महिलाओं को
समर्पित है जिन्होंने समाज, परिवार व राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण
योगदान दिया है और बताया की महिलाएं सिर्फ घर तक सिमित नहीं हैं वे आज हर
क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं चाहे वह राजनीति हो,
विज्ञान हो, या फिर व्यवसाय l रानी लक्ष्मी बाई, कल्पना चावला, मदर
टेरेसा, इंदिरा गाँधी, मैरी कॉम जैसी अनेकों प्रेरणादायक महिलाएं
जिन्होंने दुनिया को दिखा दिया की अगर महिलायों को अवसर मिले तो वे किसी
से कम नहीं और बताया कि कई जगह पर आज भी महिलाओं को समान अधिकार और अवसर
नहीं मिलते उन्हें शिक्षा रोजगार और सम्मान के लिए अभी भी संघर्ष करना
पड़ता है महिलायों के खिलाफ हिंसा, भेदभाव और असमानता जैसी समस्याएं अब भी
मौजूद हैं जिनका हम सबको मिलकर समाधान निकालना होगा l
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. अजय अत्री और
जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. सुनील वर्मा द्वारा भी महिलायों के सम्मान
के प्रति अपने विचार रखे l इसके अलावा कार्यालय की महिला सदस्य में
सलोचना मैडम, रीना मैडम व् सपना मैडम द्वारा भी अपने विचार रखे l
====================================
सुजानपुर टिहरा-11 मार्च,2026
ग्रुप कैप्टन रचना जोशी, प्रिंसिपल, सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा ने आज भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम (Surya Kiran Aerobatic Team – SKAT) के आगमन की पुष्टि की। यह टीम, जिसे भारतीय वायु सेना के “एम्बेसडर्स ऑफ द इंडियन एयर फोर्स” के रूप में भी जाना जाता है, अपनी अद्वितीय सटीकता, उत्कृष्ट कौशल और बेहतरीन टीमवर्क के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है।
लाल और सफेद रंग के आकर्षक हॉक Mk-132 जेट विमानों में उड़ान भरते हुए यह विशिष्ट टीम रोमांचकारी हवाई करतबों की श्रृंखला प्रस्तुत करेगी। इन प्रदर्शनों में मनमोहक लूप, रोमांचक बैरल रोल, गुरुत्वाकर्षण को चुनौती देने वाली इनवर्टेड फ्लाइंग तथा दर्शकों की अत्यंत लोकप्रिय डीएनए मैन्यूवर जैसी अद्भुत हवाई कलाबाज़ियाँ शामिल होंगी। प्रत्येक प्रदर्शन पायलटों की असाधारण दक्षता, अनुशासन और उत्कृष्ट समन्वय का प्रतीक होगा।
सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम चंडीगढ़ और सुजानपुर टिहरा (हिमाचल प्रदेश) के आसमान में अपने शानदार नौ-विमानों के हवाई प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित करेगी।टीम द्वारा चंडीगढ़ में 27–28 मार्च को प्रतिष्ठित सुखना झील के ऊपर नौ विमानों का भव्य एरियल डिस्प्ले प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सुजानपुर टिहरा में यह ऐतिहासिक प्रदर्शन 25–26 मार्च को ऐतिहासिक चौगान मैदान और सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के ऊपर आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम की स्थापना वर्ष 1996 में हुई थी। यह एशिया की एकमात्र नौ-विमानों वाली एरोबेटिक टीम है और विश्व की चुनिंदा उत्कृष्ट एरोबेटिक टीमों में गिनी जाती है। इस प्रतिष्ठित टीम ने अब तक भारत के विभिन्न शहरों में 800 से अधिक हवाई प्रदर्शन किए हैं और चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर तथा संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायु सेना की पेशेवर उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है।
सूर्यकिरण टीम में हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा भारत में लाइसेंस के तहत निर्मित नौ हॉक Mk-132 विमान शामिल हैं, जो उड़ान के दौरान 5 मीटर से भी कम दूरी पर अत्यंत सटीक और निकट गठन में उड़ान भरते हैं। इस टीम में कुल 14 पायलट शामिल हैं, जो उच्चतम स्तर के प्रशिक्षण और अनुशासन का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
टीम के सभी सदस्य अपने आदर्श वाक्य “सदैव सर्वोत्तम (Sadaiva Sarvottam)” — अर्थात “हमेशा सर्वश्रेष्ठ” की भावना के साथ कार्य करते हैं।
============================================
डाडू में उचित मूल्य की दुकान के लिए ऑनलाइन आवेदन 10 अप्रैल तक
हमीरपुर 11 मार्च। उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत हनोह के स्थान डाडू में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत उचित मूल्य की दुकान को दोबारा आवंटित किया जाएगा। इस दुकान के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने 10 अप्रैल तक निर्धारित प्रपत्र पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक शिव राम ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं विभागीय पोर्टल ए एमर्जिंगहिमाचल.एचपी.जीओवी.इन emerginghimachal.hp.gov.in पर निर्धारित प्रपत्र पर सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 10 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।
जिला नियंत्रक ने बताया कि उचित मूल्य की दुकान के आवंटन के लिए पहली प्राथमिकता सार्वजनिक संस्थाएं जैसे- स्थानीय पंचायत, स्वयं सहायता समूह, सहकारी सभा, महिलाओं तथा उनके समूह को दी जाएगी। अगर एक वार्ड में एक से अधिक संस्थाएं आवेदन करती हैं तो पंजीकृत संस्था को अधिमान दिया जाएगा।
दूसरी प्राथमिकता विधवा या एकल नारी, दिव्यांग व्यक्ति जोकि दुकान चलाने में सक्षम हो, भूतपूर्व सैनिक या बेरोजगार व्यक्ति को दी जाएगी। जबकि, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड को तीसरी प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक पास रखी गई है। आवेदन के साथ मैट्रिक का प्रमाण पत्र, संबंधित बैंक से हस्ताक्षरित बैंक खाते का विवरण, भूतपूर्व सैनिक या शिक्षित बेरोजगार होने पर परिवार के किसी भी अन्य सदस्य के नियमित सरकारी रोजगार में न होने का प्रमाण पत्र अपलोड होना चाहिए। दुकान की उपलब्धता और भंडारण क्षमता से संबंधित सत्यापित दस्तावेज, अगर किराये की दुकान है तो उसका रेंट एग्रीमेंट अपलोड होना चाहिए।
आवेदक के परिवार के किसी भी सदस्य का पंचायती राज संस्थाओं या नगर निकायों में वर्तमान में निर्वाचित नहीं होने बारे बीडीओ द्वारा जारी प्रमाण पत्र की प्रति तथा परिवार के किसी भी सदस्य के उचित मूल्य दुकान के दुकानधारक नहीं होने के संबंध में ग्राम पंचायत सचिव द्वारा जारी प्रमाण पत्र की प्रति आवेदन पत्र के साथ अपलोड की जानी अनिवार्य है। इनके बिना आवेदन पत्र स्वतः ही रद्द हो जाएगा। इसके अतिरिक्त मैरिट तय करने के लिए उच्च शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्रों की प्रतियां, बीपीएल, एससी, एसटी, ओबीसी और अपंगता से संबंधित प्रमाण पत्र, विधवा या एकल नारी से संबंधित दस्तावेज, यदि आवेदक उसी वार्ड का है, जिसमें उचित मूल्य की दुकान खोली जानी प्रस्तावित है, तो पंचायत सचिव द्वारा जारी प्रमाण पत्र की प्रति और अन्य दस्तावेज भी अपलोड होने चाहिए। अधिक जानकारी के लिए जिला नियंत्रक कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222335 पर संपर्क किया जा सकता है।
=======================================
भोरंज में “पोषण भी पढ़ाई भी” पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भोरंज में तीन दिवसीय “पोषण भी पढ़ाई भी” प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया । प्रशिक्षण का शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी भोरंज सुनील कुमार ने किया ।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि प्रथम दिन के प्रशिक्षण का मुख्य विषय “नवचेतना आधारशिला” रहा। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के समग्र मानसिक एवं शारीरिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। साथ ही शिक्षण अधिगम सामग्री के प्रभावी उपयोग तथा इसके माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सीखाने के विभिन्न तरीकों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के पहले दिन लगभग 100 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर प्रशिक्षण का लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर खंड समन्वयक अक्षय महाजन, वृत्त पर्यवेक्षक रवि कुमार, सुनील नड्डा, आशा रानी, सरोज देवी, कुंन्ता राणा तथा कनिष्ठ कार्यालय सहायक सुनीता धीमान भी उपस्थित रहीं।
=============================
पावरग्रिड निगम ने फर्स्ट एड और अग्निशमन पर आयोजित किए प्रशिक्षण शिविर
हमीरपुर 11 मार्च। भारतीय पॉवरग्रिड निगम उपकेंद्र हमीरपुर ने 4 से 10 मार्च तक राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए।
इसी कड़ी में 10 मार्च को प्राथमिक उपचार के बारे में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. आशीष ने कर्मचारियों, बच्चों एवं महिलाओं को फर्स्ट एड की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर पावरग्रिड के मुख्य प्रबंधक देवेंद्र कुमार, सहायक प्रबंधक दिनेश कुमार एवं सहायक प्रबंधक दीपक कुमार उपस्थित रहे। इस प्रशिक्षण में चोट लगने पर प्राथमिक उपचार, सीपीआर तकनीक, रक्तस्राव रोकने के उपाय तथा जलने या बेहोशी जैसी आपात स्थितियों में तुरंत मदद करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
11 मार्च अग्निशमन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया जिसमें अग्निशमन अधिकारी अशोक कुमार एवं उनकी टीम ने कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार की आग एवं उनसे निपटने के उपायों की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में सभी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रबंधकों ने भी अपने विचार साझा किए।
इस प्रशिक्षण में अग्निशामक यंत्रों का सही उपयोग, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया तथा टीमवर्क के महत्त्व पर विशेष बल दिया गया।
===============================
भर्ती रैली के तीसरे दिन 500 अभ्यर्थियों ने लिया भाग
हमीरपुर में भारतीय सेना द्वारा आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के लिए अभ्यर्थियों का ग्राऊंड टैस्ट और दस्तावेज जांच की प्रक्रिया जारी रही। बुधवार को तीसरे दिन भी 500 अभ्यर्थियों ने ग्राऊंड टैस्ट में भाग लिया तो वहीं पिछले कल के अभ्यर्थियों की मैडीकल प्रकिया पूर्ण की गई।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि सेना के अधिकारियों की देखरेख में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा करवाई जा रही है, जिसमें 1.6 किमी दौड़, बीम क्लाइम्बिंग सहित अन्य शारीरिक परीक्षण शामिल हैं।
ग्राऊंड टैस्ट में सफल होने वाले अभ्यर्थियों की मैडीकल जांच करने के बाद दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
अग्निवीर भर्ती रैली हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों के युवाओं के लिए आयोजित की जा रही है, जो 9 से 17 मार्च तक चलेगी।
==================================
दियोटसिद्ध में चैत्र मास मेलों की तैयारियों के लिए की मॉक ड्रिल
दियोटसिद्ध 11 मार्च। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बालक नाथ मंदिर में लगने वाले चैत्र मास मेलों के दौरान किसी भी तरह की आपात परिस्थिति से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इन प्रबंधों के आकलन और आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों के लिए बुधवार को डीडीएमए ने यहां दियोटसिद्ध में मॉक ड्रिल आयोजित की।
इस मॉक ड्रिल में नेशनल डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फ़ोर्स (एनडीआरएफ), स्टेट डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फ़ोर्स (एसडीएआरएफ), होमगार्ड्स और प्रशिक्षित आपदा मित्रों ने हिस्सा लिया। मॉक ड्रिल के लिए तय किए गए परिदृश्यों के अनुसार टीमों ने सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन, प्रभावित लोगों को निकालना और अलग-अलग रिस्पॉन्स एजेंसियों के बीच कोऑर्डिनेशन किया।
इस मॉक ड्रिल का मकसद सभी संबंधित विभागों और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों की तैयारी का अंदाज़ा लगाना, उनके बीच समन्वय को बेहतर बनाना और आने वाले चैत्र मेले के दौरान किसी भी अनहोनी घटना से असरदार तरीके से निपटने की क्षमता को बढ़ाना था।
इस अवसर पर एसडीएम स्वाति डोगरा, मंदिर अधिकारी केशव सिंह और अन्य अधिकारियों ने भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मॉक ड्रिल में भाग लिया।
=================================
स्कूल वर्दी के लिए पात्र विद्यार्थियों को मिलेंगे 600 रुपये, डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में होंगे ट्रांसफर
ऊना, 11 मार्च। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना सोमलाल धीमन ने जानकारी देते हुए बताया की कक्षा पहली से आठवीं तक के अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को स्कूल वर्दी के लिए 600 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाएँगे। उन्होंने बताया की यह राशि वर्ष 2025–26 के लिए सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदान की जा रही है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार यह लाभ सभी छात्राओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा बीपीएल वर्ग के विद्यार्थियों को प्रदान किया जाएगा। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।
उप निदेशक सोम लाल ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कक्षा पहली से आठवीं तक के पात्र विद्यार्थियों के बैंक खाते खुलवाने और उन्हें क्रियाशील बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। यदि किसी विद्यार्थी का बैंक खाता सक्रिय नहीं है, तो उसे संबंधित बैंक से शीघ्र सक्रिय करवाया जाए, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी इस योजना के प्रत्यक्ष लाभ से वंचित न रह जाए।
इसके अतिरिक्त सभी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि उपरोक्त श्रेणियों के सभी विद्यार्थियों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से 600 रुपये की निर्धारित राशि प्रदान करने की पुष्टि प्रमाण-पत्र के माध्यम से की जाए।