जिला दंडाधिकारी मुकेश रेपसवाल ने भूस्खलन रोकथाम कार्यों के चलते जारी किए आदेश

मैहला घार के समीप वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से होगी नियंत्रित

प्रातः 6 से सायं 6 बजे तक आवश्यकता अनुसार प्रति घंटे 25-30 मिनट तक नियंत्रित रहेगी ट्रैफिक

आपातकालीन सेवाओं से संबंधित वाहनों को बिना विलंब आवागमन की रहेगी अनुमति

31 मार्च तक प्रभावी रहेंगे आदेश

चंबा, मार्च 6-जिला दंडाधिकारी मुकेश रेपसवाल ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154ए चक्की-चंबा-भरमौर मार्ग के अंतर्गत मैहला घार में जारी भूस्खलन रोकथाम (लैंडस्लाइड मिटिगेशन) कार्यों के दृष्टिगत जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 31 मार्च तक वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से नियंत्रित करने के आदेश जारी किए हैं।
जिला दंडाधिकारी द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 31 मार्च 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से सायं 6 बजे तक कार्य के दौरान आवश्यकता अनुसार प्रति घंटे 25 से 30 मिनट तक वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोककर (होल्ड कर) यातायात नियंत्रित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्रभाग चंबा द्वारा सूचित किए जाने तथा लैंडस्लाइड मिटिगेशन से संबंधित जारी कार्यों के दौरान जन-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किए गए हैं।
हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आपातकालीन सेवाओं से संबंधित एंबुलेंस, अग्निशमन तथा पुलिस वाहनों के परिचालन के दौरान उन्हें बिना किसी विलंब के आवागमन की अनुमति रहेगी।

======================================

विशेष राजस्व लोक अदालत से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता
विशेष अभियान के तहत 1028 राजस्व मामलों का किया गया समाधान : उपायुक्त
चंबा, 7 मार्च-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज विशेष राजस्व लोक अदालत से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विशेष अभियान के तहत राजस्व मामलों के निस्तारण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष राजस्व लोक अदालत के अंतर्गत जिले में अब तक कुल 1028 राजस्व मामलों का निपटारा किया जा चुका है। इनमें 263 तकसीम, 419 सीमांकन तथा 346 राजस्व अभिलेख दुरुस्ती से संबंधित मामले शामिल हैं।
उपायुक्त ने गत सप्ताह के निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए उपमंडल दंडाधिकारियों, तहसीलदारों तथा नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों के त्वरित समाधान के लिए प्रति सप्ताह निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप मामलों का निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि तीन माह की विशेष अभियान अवधि के दौरान पुराने एवं लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि छह माह तथा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित सभी मामलों का समाधान 31 मार्च तक करना सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि खंड विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न तहसीलों और उप-तहसीलों में पटवार एवं कानूनगो भवनों के मुरम्मत कार्यों से संबंधित औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करें, ताकि आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर शुरू किए जा सकें। बैठक में ई-गवर्नेंस और ई-डिस्ट्रिक सेवाओं को लेकर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में उपमंडल अधिकारी प्रियांशु खाती, सहायक आयुक्त राहुल धीमान, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह सहित विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
===================================================
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अस्मिता लीग खेल प्रतियोगिता पुलिस मैदान वारगाह में होगी आयोजित

चंबा, 7 मार्च-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को अस्मिता लीग खेल प्रतियोगिता का पुलिस मैदान वारगाह में आयोजन किया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी विवेक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं तथा महिलाओं को खेलों से जोड़कर उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना तथा उन्हें सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में एथलेटिक्स प्रतिस्पर्धाओं के तहत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़ तथा स्थानीय मनोरंजन खेल गतिविधियां आयोजित की जाएगी।
लक्षित प्रतिभागियों की जानकारी देते हुए उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिता में महाविद्यालय तथा विद्यालय में अध्यनरत छात्राएं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूहों सहित जिले से संबंधित बालिकाएं एवं महिलाएं हिस्सा लेंगी।
=====================================
एमटीवी चंबा क्रॉस कंट्री साइकिलिंग रेस का 21–22 मार्च को होगा आयोजन – उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
चलो चंबा अभियान के अंतर्गत आयोजित होगी साइकिलिंग रेस
देश के प्रसिद्ध प्रतिभागी लेंगे हिस्सा
चंबा, मार्च 7-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में चलो चंबा अभियान के तहत 21 से 22 मार्च को आयोजित होने वाली एमटीवी चंबा क्रॉस कंट्री साइकिलिंग रेस की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में एक बैठक का आयोजन किया गया।
उपायुक्त ने बैठक के दौरान आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि चलो चंबा अभियान के अंतर्गत इस क्रॉस कंट्री साइकिलिंग रेस का आयोजन चंबा साइकिलिंग एसोसिएशन के सहयोग से किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि लगभग 65 किलोमीटर लंबी इस प्रतिस्पर्धा का रेस रूट चंबा–भद्रम–गैला–दियोलीहटी–सुंगल–कोहा–चमीणु–सराहन–पेनेला–वाट–
कुमारका–बाड़ीदेहरा–ब्रजेश्वरी मंदिर होते हुए चंबा परिधि गृह तक रहेगा।
मुकेश रेपसवाल ने आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए चंबा साइकिलिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों को पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक नियंत्रण तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन के दौरान होमगार्ड तथा आपदा मित्रों का सहयोग उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बैठक में कार्यवाही का संचालन करते हुए आयोजन से संबंधित विस्तृत रूपरेखा की जानकारी साझा करते हुए अपेक्षित विभिन्न विभागीय सहयोग एवं समन्वय के बारे में भी अवगत किया।
इस अवसर पर चंबा साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में देश के प्रसिद्ध प्रतिभागी हिस्सा लेंगे तथा सब-जूनियर, अंडर-19, ओपन, मास्टर, वूमेन जूनियर तथा वूमेन सीनियर श्रेणियों में प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं के साथ-साथ रेस्क्यू एवं डिजास्टर मैनेजमेंट से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शर्मा, उपमंडल दंडाधिकारी प्रियांशु खाती, कार्यवाहक सहायक आयुक्त राहुल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. भारद्वाज, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार, सहायक अभियंता अजय कुमार, गौरव ठाकुर, वरिष्ठ अग्नि शमन अधिकारी राजेश कुमार, चंबा साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रकांत, आपदा प्रबंधन शाखा प्रभारी सुमित गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।