स्वास्थ्य खंड चूड़ी के तहत दुनाली में स्थापित होगी पब्लिक हेल्थ यूनिट

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया निरीक्षण

संबंधित अधिकारियों को औपचारिकताएं पूर्ण करने के दिए निर्देश

चंबा, फरवरी 20-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने स्वास्थ्य खंड चूड़ी के अंतर्गत प्रस्तावित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना को लेकर विभिन्न अधिकारियों के साथ आज
दुनाली में वन विभाग के भवन का निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने कहा कि ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना से इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। इसके साथ श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालु भी संस्थान द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित इकाई की स्थापना से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण की जाएं ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध करवाई जा सकें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी जालम सिंह भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संस्थान का संचालन आरंभ होने से रोगियों को चिकित्सा सेवाएं एवं सभी महत्वपूर्ण जांचों की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि जिला के सभी स्वास्थ्य खंडों में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना की जा रही है। पब्लिक हेल्थ यूनिट में चिकित्सा अधिकारियों, सहायक कर्मचारियों को नियुक्त करने के साथ आवश्यक स्वास्थ्य जांच उपकरण स्थापित किए जाएंगे।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी डॉ.बशीर खान, सामाजिक कार्यकर्ता सचिन ठाकुर सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

==========================================

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र परिवारों को निःशुल्क मिलेंगे एलपीजी गैस कनेक्शन: मुकेश रेपसवाल

चम्बा, फरवरी 20-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत जिला में पात्र परिवारों की महिलाओं को नए निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों की महिला सदस्यों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध करवाना है। उज्ज्वला 3.0 के अंतर्गत पात्र महिलाओं को 2,050 रुपये मूल्य तक का निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन दिया जाएगा। योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक को आवश्यक दस्तावेजों में पूर्ण रूप से भरा हुआ केवाईसी फॉर्म, पहचान प्रमाण पत्र, पते का प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आवेदक सहित पूरे परिवार के सदस्यों का आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, वंचना घोषणा पत्र आदि आवेदन के साथ प्रस्तुत करने होंगे।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को दिया जाएगा जिनके किसी भी सदस्य के नाम पर पहले से एलपीजी कनेक्शन दर्ज न हो और जिनकी मासिक आय 10 हजार रुपये से कम हो।
आवेदन करने की इच्छुक, पात्र परिवार की महिलाएं ऑनलाइन पोर्टल डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट पीएमयूवाई डॉट जीओवी डॉट इन (www.pmuy.gov.in) , डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट सीएक्स डॉट इंडियनऑयल डॉट इन (www.cx.indianoil.in),
डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट माय डॉट ईभारतगैस डॉट कॉम (www.my.ebharatgas.com),
डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट मायएचपीगैस डॉट इन (www.myhpgas.in) या इसके अलावा आवेदन, कॉमन सर्विस सेंटर, नामांकन शिविर, हेल्प डेस्क अथवा निकटतम एलपीजी वितरक कार्यालय में भी किए जा सकते हैं।
इस संदर्भ में अधिक जानकारी के लिए जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।

======================================

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जारी की
जिला परिषद चंबा के तहत वार्डों के परिसीमन संबंधी अधिसूचना

आगामी 7 दिनों के भीतर प्रस्तुत किए जा सकते हैं आपत्तियाँ–आक्षेप

चंबा, 20 फरवरी-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला परिषद चंबा के निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डों) के परिसीमन से संबंधित अधिसूचना प्रकाशित कर दी है।
उपायुक्त द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जिला परिषद चंबा के अंतर्गत 18 वार्डों—करयास, सनवाल, चान्जू, खणी, किलोड़, सुनारा, करियां, बख्तपुर, मोतला, समोट, बनेट, नैनीखड्ड, उदयपुर, सरोल, चकलू, करवाल, ब्याणा तथा सनूह के परिसीमन संबंधी प्रस्ताव पर आगामी 7 दिनों के भीतर कोई भी व्यक्ति अपनी आपत्तियाँ अथवा आक्षेप प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित समय अवधि समाप्त होने के पश्चात कोई भी आक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा।
परिसीमन सूची जिला पंचायत अधिकारी एवं सचिव जिला परिषद तथा समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं समस्त सचिव ग्राम पंचायत के कार्यालयों में अवलोकनार्थ उपलब्ध रहेगी।