चण्डीगढ़, 16.02.26- : मातृ-पितृ पूजन दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन (आरएचएसएस), चंडीगढ के पदाधिकारियों, जिनमें अध्यक्ष मोनिका भारद्वाज, महासचिव लक्ष्मी शंकर चतुर्वेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूनम वर्मा, सुधीर शर्मा, सचिव एवं सांस्कृतिक सलाहकार रमन चतुर्वेदी व बीना आदि शामिल थीं, ने सत्य सांई वृद्धाश्रम एवं सेवालय, सेक्टर 30 में जाकर एक सेवा-भाव से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम में रह रहे बुज़ुर्गों के साथ समय बिताया गया तथा उनसे आत्मीय संवाद स्थापित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बुज़ुर्गों और संगठन के पदाधिकारियों ने मिलकर भजन, गीत एवं सांस्कृतिक गीत गाए, जिससे वातावरण भावनात्मक, आनंदमय और सकारात्मक बन गया। संगठन के पदाधिकारियों ने बुजुर्गों से उनके जीवन अनुभव, शोक, भावनाओं तथा दैनिक दिनचर्या के बारे में जानकारी ली और उन्हें अपनापन व सम्मान का एहसास कराया।
इसके साथ-साथ वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों को खाद्य सामग्री, ताजे फल तथा रोज़मर्रा की आवश्यक वस्तुएँ भेंट की गईं। संगठन प्रदेशाध्यक्ष मोनिका ने बताया कि इस सेवा कार्य का उद्देश्य बुजुर्गों के जीवन में मुस्कान लाना, उनके अकेलेपन को कम करना तथा समाज को यह संदेश देना था कि हमारे वरिष्ठ नागरिक सम्मान, समय और संवेदना के सबसे अधिक अधिकारी हैं।
राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन, चंडीगढ़ के अधिकारियों ने यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी संगठन द्वारा ऐसे सामाजिक एवं मानवीय कार्य लगातार किए जाते रहेंगे।