उपायुक्त एवं अध्यक्ष शिवरात्रि महोत्सव समिति अपूर्व देवगन ने किया स्वागत
मंडी, 14 फरवरी-अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव–2026 में भाग लेने के लिए मंडी जनपद के आराध्य देव बड़ा देव कमरूनाग आज शनिवार को मंडी पहुंचे। इस अवसर पर राज माधोराय मंदिर में उपायुक्त एवं अध्यक्ष शिवरात्रि महोत्सव समिति अपूर्व देवगन ने उनका विधिवत स्वागत किया और पूजा-अर्चना संपन्न की। यहां बड़ा देव कमरूनाग का राज माधोराय के साथ भव्य मिलन भी हुआ।
बड़ा देव कमरूनाग के मंडी पहुंचते ही शिवरात्रि महोत्सव के पारंपरिक कारज विधिवत प्रारंभ हो गए। अब बड़ा देव कमरूनाग आगामी सात दिनों तक टारना माता मंदिर में विराजमान रहेंगे तथा भक्तजनों को आशीर्वाद देंगे।
इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव में बड़ा देव कमरूनाग के आगमन के साथ ही पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो जाती है। साथ ही अन्य देवी-देवताओं का आगमन भी आरंभ हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि देवी-देवताओं के आशीर्वाद से महोत्सव का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन 16 से 22 फरवरी तक किया जाएगा, जिसमें जनपद के 216 देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने आमजन से भी महोत्सव में भाग लेकर देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।
इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेला कमेटी द्वारा गठित स्वागत समिति ने पुलघराट में बड़ा देव कमरूनाग का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर सर्व देवता समिति के प्रधान शिव पाल शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी हरीश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
===================================
अग्निवीर भर्ती रैली 22 मार्च से पंडोह में, मंडी, कुल्लू व लाहौल स्पीति के अभ्यर्थी होंगे शामिल

मंडी, 14 फरवरी। अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती 22 मार्च से 30 मार्च 2026 तक ट्रेनिंग ग्राउंड रिजर्व बटालियन पंडोह में आयोजित की जाएगी। यह भर्ती रैली मंडी, कुल्लू और लाहौल स्पीति जिलों के उन अभ्यर्थियों के लिए होगी, जिन्होंने वर्ष 2025 की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की है।
भर्ती निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय मंडी कर्नल गौतम निशांत ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड शीघ्र ही आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Army पर जारी किए जाएंगे। इसकी सूचना अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ई मेल पर भी उपलब्ध करवाई जाएगी। अभ्यर्थी वेबसाइट पर लॉग इन कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र में दर्शाई गई तिथि और समय के अनुसार ही ट्रेनिंग ग्राउंड रिजर्व बटालियन पंडोह में भर्ती रैली के लिए उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
भर्ती निदेशक ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे भर्ती रैली संबंधी जारी अधिसूचना के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ अवश्य लाएं तथा निर्धारित समयानुसार ही रैली स्थल पर पहुंचें, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।