चण्डीगढ़, 12.02.26- : चण्डीगढ़ नगर निगम पार्षद दुबे ने आज निगम की मासिक बैठक में कहा कि उनके पूरे वार्ड में पेयजल की आपूर्ति पूर्णतया ट्यूबवेल पर आधारित है। वाटर लेवल निरंतर गिरता जा रहा है तथा जनसंख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण पेयजल की मांग दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। गत दिनों मौली जागरां में गंदा पानी पीने से एक बच्ची की जान भी गई हैं कई स्थानीय नागरिक बीमार भी हैं। उन्होंने मांग की कि मौलीजागरां, सुंदर नगर, विकास नगर एवं गांव दरिया में नहर के पानी की आपूर्ति की व्यवस्था जल्द से जल्द की जाए।
उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल पर कार्यरत मल्टी टास्क स्टाफ की संख्या हाल ही में कम कर दी गई है, जिसके कारण ट्यूबवेल से निर्धारित समय पर क्षेत्रों में निरंतर जल आपूर्ति की निगरानी में कठिनाई हो रही है। चोरी एवं अनियमित विद्युत आपूर्ति के कारण भी समस्या उत्पन्न हो रही है, जिससे निवासियों को असुविधा हो रही है। उन्होंने सुंदर नगर, विकास नगर, मौली जागरां एवं गांव दरिया में नहर के पानी की आपूर्ति का कार्य पूर्ण होने तक, ट्यूबवेल पर कार्यरत मल्टी टास्क स्टाफ की संख्या पूर्ववत बढ़ाने की भी मांग की।