चंडीगढ़, 9 फरवरी। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी फैसले लेकर हरियाणा प्रदेश को पूरी तरह से बर्बाद करने पर तुली है। आज प्रदेश में चारों ओर हाहाकार मची है। भाजपा ने किसान विरोधी फैसले लेकर किसानों को बर्बाद किया। युवा विरोधी फैसले लेकर युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए तरसा दिया। दिव्यांग विरोधी फैसले लेकर उनकी रिटायरमेंट की उम्र को 60 साल से घटाकर 58 साल कर दिया। भाजपा सरकार अब बुजुर्गों को भी नहीं बख्श रही और बुजुर्गों के सम्मान के लिए दी जाने वाली बुढ़ापा पेंशन को आय से जोड़ने के साथ साथ अन्य कई शर्तें लगाकर काट रही है। अभय चौटाला ने कहा कि यह हमारे प्रदेश का दुर्भाग्य है कि पिछले ग्यारह साल से जनविरोधी भाजपा प्रदेश में राज कर रही है। अब तक पूरे प्रदेश के 75 हजार से ज्यादा बुजुर्गों की पेंशन काटी जा चुकी है और मुख्यमंत्री बेशर्मी से कह रहे हैं कि कोई पेंशन नहीं काटी गई। यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। चौधरी देवीलाल ने बिना कोई शर्त लगाए बुजुर्गों के सम्मान के लिए 100 रुपए बुढ़ापा पेंशन शुरू की थी जो आज के 15 हजार रुपए के बराबर हैं। कांग्रेस ने भी सत्ता में रहते कुछ शर्तें लगाकर पेंशन काटने की कौशिश की थी। लेकिन इनेलो पार्टी ने उस समय भी बुजुर्गों के सम्मान की लड़ाई लड़ी थी। आज भाजपा द्वारा पेंशन काटे जाने पर इनेलो पार्टी चुप नहीं बैठेगी और 20 फरवरी को पंचकूला में प्रदेश स्तरीय बड़ा प्रदर्शन करेंगे और महामहिम राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपेंगे। इस प्रदर्शन में बड़ी तादाद में बुजुर्ग शामिल होंगे जिनकी पेंशन काटी गई हैं।