मध्यस्थता से करवाएं केसों का निपटारा, समय और धन की होगी बचत
अदालतों में लंबित मामलों को निपटाने के लिए 31 मार्च तक कर सकते हैं आवेदन

हमीरपुर 06 फरवरी। अदालतों में लंबित मामलों को मध्यस्थता, सुलह एवं आपसी सहमति से निपटाने हेतु आरंभ किए गए ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 2.0’ अभियान का लाभ उठाने के लिए 31 मार्च तक संबंधित अदालतों मंे आवेदन किया जा सकता है।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि अदालतों में लंबित मामलों का निपटारा मध्यस्थता, सुलह एवं आपसी सहमति से भी किया जा सकता है। इससे दोनों पक्षों के समय और धन की बचत होती है तथा उनमें सौहार्दपूर्ण संबंध भी बने रहते हैं। कुलदीप शर्मा ने बताया कि अदालतों में कई मामले लंबे समय तक लंबित रहते हैं। इससे दोनों पक्षों का बहुमूल्य समय और धन खर्च होता है। इससे बचने के लिए मध्यस्थता, सुलह एवं आपसी सहमति एक बहुत ही अच्छा माध्यम हो सकता है। इसी के मद्देनजर राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) ने ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 2.0’ अभियान शुरू किया है।
अगर कोई पक्ष इस अभियान के तहत अपने केस का निपटारा करवाना चाहता है तो वह 31 मार्च तक संबंधित अदालत में आवेदन कर सकता है। मध्यस्थता के लिए कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा। कुलदीप शर्मा ने बताया कि वैवाहिक विवाद, चैक बाउंस के मामले, दुर्घटनाओं से संबंधित केस, क्रिमिनल कपाउंडेबल अपराध, बीमा और एलए इत्यादि से संबंधित मामलों को मध्यस्थता से निपटाया जा सकता है।
उन्होंने संबंधित लोगों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

=======================================

आईटीआई बणी में दी बैंकों की योजनाओं की जानकारी

बड़सर 06 फरवरी। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) ने आईटीआई बणी में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया। इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों को पंजाब नेशनल बैंक की विभिन्न ऋण एवं जमा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पीएमईजीपी, मुद्रा लोन, शिक्षा ऋण, हिमाचल प्रदेश सरकार की डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना और अन्य योजनाओं के अलावा बैंक उपभोक्ताओं के अधिकारों, डिजिटल बैंकिंग, पीएम जन धन योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और अन्य योजनाओं से भी अवगत करवाया। अजय कतना ने आरसेटी की ओर से आयोजित किए जा रहे विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में भी बताया। कार्यक्रम के दौरान वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, आईटीआई के प्रधानाचार्य अनिल पठानिया और अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।

===========================

सोलन दिनांक 06.02.2026

किसानों से डिजिटल फसल सर्वेक्षण में पंजीकरण करवाने का आग्रह

कृषि डाटा एकत्रीकरण को आधुनिक बनाने और खेत के स्तर पर ही निर्णय लेने में सुधार करने के दृष्टिगत डिजिटल फसल सर्वेक्षण आरम्भ किया गया है। यह जानकारी उप निदेशक कृषि डॉ. देव राज कश्यप ने दी।
डॉ. देव राज कश्यप ने कहा कि यह सर्वेक्षण, फसल के प्रकार, बोए गए क्षेत्र, सिंचाई की स्थिति और फसल के स्वास्थ्य के बारे में स्टीक डाटा एकत्रित करेगा। यह डाटा अधिकारियों को फसल बीमा, न्यूनतम समर्थन मूल्य, आपदा मुआवज़ा और खाद्य सुरक्षा योजना से सम्बन्धित निर्णयों में सहायता करेगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण में डिजिटल तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। इससे समय कम लगेगा, त्रुटियां कम होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इससे किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे क्योंकि सत्यापित डिजिटल रिकॉर्ड से बीमा दावों के निपटारे में समय कम लगेगा और फसल खराब होने की स्थिति में उचित मुआवज़ा सुनिश्चित होगा।
उप निदेशक ने कहा कि एक मोबाइल-आधारित प्रणाली है जो जी.पी.एस. मैपिंग, रिमोट सेंसिंग और सैटेलाइट इमेजरी जैसी आधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग करके बोई गई फसलों का वास्तविक समय व डाटा एकत्र करती है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण से किसानों को सही फसल पर उचित सब्सिडी, कृषि योजनाओं की स्टीक जानकारी व फसल से सम्बन्धित समस्याओं को सुलझाने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण चरणबद्ध आधार पर कार्यान्वित किया जा रहा है। क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि सभी सम्बद्ध अधिकारी एवं कर्मचारी उचित तकनीक का ज्ञान प्राप्त कर सही जानकारी एकत्र कर सके। उन्होंने कहा कि एकत्रित डाटा को राष्ट्रीय कृषि डाटाबेस के साथ एकीकृत किया जाएगा। इससे ज़िला स्तर पर सही नीति बनाने और दीर्घवधि की योजनाएं बनाने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने ज़िला के किसानों से आग्रह किया है कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण में अपना पंजीकरण सुनिश्चित बनाएं।

====================================

सोलन-दिनांक 06.02.2026

निर्धारित अवधि के लिए चायल मार्ग को बंद करने के आदेश


राष्ट्रीय उच्च मार्ग संख्या 05 पर सोलन से कैथलीघाट के मध्य फोरलेन कार्य के दृष्टिगत मशीनरी एवं उपकरण स्थापित करने के लिए चायल मार्ग को कुछ समय तक बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन द्वारा जारी किए गए हैं।
इन आदेशों के अनुसार 06 फरवरी, 11 फरवरी तथा 17 फरवरी, 2026 को रात्रि 10 बजे से अर्धरात्रि 02 बजे तक कण्डाघाट से चायल मार्ग को बंद रखा जाएगा।
आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि फोरलेन कार्य के लिए मशीनरी व उपकरणों को स्थापित करने के लिए चायल मार्ग के अतिरिक्त कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। जानो-माल की सुरक्षा के दृष्टिगत उक्त तिथियों को निर्धारित अवधि में मार्ग बंद करने का निर्णय लिया गया है।
आदेशों के अनुसार कंपनी को यह सुनिश्चित करना होगा कि उक्त अवधि में साइट पर सुरक्षा की उचित व्यवस्था, बैरिकेडिंग और चेतावनी के साइन लगाए जाएं। पुलिस प्रशासन के परामर्श के अनुसार निर्धारित स्थानों पर यातायात बदलाव सुनिश्चित बनाना होगा और जन सुरक्षा के उपाय करने होंगे। कार्य निर्धारित अवधि के दौरान पूरा करना होगा ताकि आमजन को असुविधा न सामना न करना पड़े। सम्बन्धित पुलिस प्रशासन व भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को कार्य के बारे में सूचित करना सुनिश्चित बनाना होगा।
यह अनुमति आमजन की सुविधा व फोरलेन कार्य के दृष्टिगत जनहित में दी गई हैं।

=============================

आईटीआई गंगथ में 9 फरवरी को कैंपस साक्षात्कार
एचआर इंडस्ट्री में 100 पदों पर होगी भर्ती
धर्मशाला, 06 फरवरी : राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गंगथ में 9 फरवरी, 2026 को “एचआर इंडस्ट्री, जालंधर” द्वारा कैंपस साक्षात्कार का आयोजन किया जा रहा है। संस्थान के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने बताया कि इस साक्षात्कार के माध्यम से 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के 100 युवाओं का चयन किया जाएगा।
संस्थान के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी सुरिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कैंपस साक्षात्कार में वे सभी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं, जिन्होंने वर्ष 2020 से 2025 के बीच मशीनिस्ट, फिटर, वेल्डर, टर्नर, टूल एंड डाई मेकर, ग्राइंडर, इलेक्ट्रोप्लेटिंग, इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक डीजल, एमएमवी, प्लंबर आदि ट्रेडों में आईटीआई उत्तीर्ण की हो। चयनित अभ्यर्थियों को 18,693 रुपये मासिक वेतन के साथ निःशुल्क आवास सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी 9 फरवरी, 2026 को प्रातः 10:00 बजे अपने साथ दसवीं, जमा दो, आईटीआई प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की फोटोकॉपी तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गंगथ, जिला कांगड़ा में उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 98159-99210, 97794-61331, 98178-86086, 70183-46290 पर संपर्क किया जा सकता है।