गांधीनगर, 20.01.26-: हिमाचल प्रदेश विधान सभा की लोक लेखा समिति अध्ययन प्रवास के दौरान आज गुजरात की राजधानी गांधीनगर पहुँच गई है। समिति ने गुजरात विधान सभा का दौरा किया व गांधीनगर में गुजरात के राज्यपाल आयार्च देवव्रत से मुलाकात की और उन्हें हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों से अवगत करवाया। गौरतलब है कि हि0प्र0 विधान सभा की लोक लेखा समिति इन दिनों राज्य के बाहर 9 दिवसीय अध्ययन प्रवास पर है।

लोक लेखा समिति के सभापति अनिल शर्मा सहित समिति के सदस्य संजय रत्न, इंद्र सिंह, बलबीर वर्मा, जनक राज, जीत राम कटवाल, मलेन्द्र राजन, केवल सिंह पठानियां और कैप्टन रणजीत सिंह विभिन्न विषयों के अध्ययन के लिए अध्ययन प्रवास पर हैं।
उप-मुख्य सचेतक हि0प्र0 सरकार और समिति सदस्य केवल सिंह पठानियां ने कहा कि समिति ने हिमाचल प्रदेश मे प्राकृतिक खेती की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी सांझा की, जिसकी राज्यपाल देवव्रत ने सराहना की। लोक लेखा समिति इन दिनों गुजरात, महाराष्ट्र और आन्ध्रप्रदेश राज्यों के अध्ययन प्रवास पर है इस दौरान समिति आज रात मुम्बई पहुँचेगी।