धर्मशाला साइकिल राइड का भव्य आयोजन
मेयर नीनू शर्मा ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ, विजेताओं को उपायुक्त ने किया पुरस्कृत
धर्मशाला, 28 दिसम्बर : धर्मशाला में आयोजित साइकिल राइड का शुभारंभ आज उत्साहपूर्ण एवं जोश से भरे माहौल में किया गया। इस अवसर पर धर्मशाला की मेयर नीनू शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। साइकिल राइड में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलता है।
इसके उपरांत उपायुक्त ने साइकिल राइड के विभिन्न वर्गों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस प्रतियोगिता में 10 किलोमीटर वर्ग के पुरुष वर्ग में आकाश वर्मा पहले
वैभव कपूर दूसरे तथा आरव कपूर तीसरे स्थान पर रहे जबकि महिला वर्ग में भाग्यश्री खांका पहले स्थान पर रहीं।
साइकिल राइड की 20 किलोमीटर वर्ग की प्रतिस्पर्धा में पुरुष वर्ग में वेंकटेशन पहले विशाल शर्मा दूसरे और सात्विक बस्ता तीसरे स्थान पर रहे जबकि महिला वर्ग में सुनीता पहले
आश्मिता दूसरे और मुस्कान तीसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा 40 किलोमीटर प्रतिस्पर्धा के पुरुष वर्ग में शिवेश बिष्ट पहले अतुल कुमार दूसरे तथा आशीष बिष्ट तीसरे स्थान पर रहे जबकि महिला वर्ग में शिवांगी पहले अनुष्का यादव दूसरे तथा मेघा जैन तीसरे स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में पूर्व मेयर देविंद्र जग्गी, उप महापौर तजेंद्र कौर, पार्षद अनुराग, एसपी कांगड़ा अशोक रत्न, एमसी कमिश्नर इकबाल जफर, मंडलायुक्त विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, एडीएम शिल्पी बेक्टा, एसडीएम मोहित रत्न,सहायक पर्यावरण अभियंता वरुण गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
=======================================
कांगड़ा वैली कार्निवाल 2025 की छठी संध्या पर पंजाबी स्टार नाइट, बब्बु मान होंगे विशेष आकर्षण
पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली होंगे मुख्य अतिथि
धर्मशाला, 28 दिसम्बर : उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि कांगड़ा वैली कार्निवाल 2025 की छठी संध्या सोमवार, 29 दिसम्बर को सायं 5:00 बजे से भव्य पंजाबी स्टार नाइट के रूप में आयोजित की जाएगी। इस संध्या के मुख्य अतिथि पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली
रहेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि इस विशेष संध्या का सबसे बड़ा आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी गायक बब्बु मान होंगे। बब्बु मान की मौजूदगी से कार्निवाल की छठी संध्या और भी यादगार बनेगी।
इसके अतिरिक्त सूची, रोहित वोहरा एवं वर्षा कटोच सहित अन्य कलाकार भी अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां देंगे।
उन्होंने बताया कि इस दिन महिला मंडल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, वहीं फुटबॉल मैच का फाइनल मुकाबला भी इसी दिन खेला जाएगा।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल न केवल जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ-साथ पर्यटन को भी प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने जिला वासियों एवं पर्यटकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य पंजाबी स्टार नाइट का आनंद लें और आयोजन को सफल बनाएं।
=========================================
कांगड़ा वैली कार्निवाल की पाँचवीं संध्या पर “पहाड़ी स्टार नाइट” पर देखने को मिली संगीत और नृत्य की अनुपम छटा
कुलदीप शर्मा की नाटी की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक
ड्रोन शो रहा विशेष आकर्षण का केंद्र
धर्मशाला, 28 दिसम्बर : कांगड़ा वैली कार्निवाल 2025 के अंतर्गत पाँचवीं संध्या को 28 दिसम्बर, शनिवार को “पहाड़ी स्टार नाइट” के रूप में अत्यंत भव्य, रंगारंग एवं पारंपरिक उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक-संस्कृति, संगीत और नृत्य की अनुपम छटा देखने को मिली, जिसने बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक, हिमाचल प्रदेश सरकार केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके आगमन पर जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुतियों में हिमाचली लोक-संगीत एवं लोकनृत्य का शानदार संगम देखने को मिला। “नाटी किंग” कुलदीप शर्मा ने अपनी नाटी की प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साह व्यक्त किया।
इसके अतिरिक्त राज जैरी, पूनम भारद्वाज, रमेश्वर शर्मा तथा सुनील मस्ती ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से लोक-संगीत की मिठास को मंच पर जीवंत किया। वहीं अनिता ठाकुर (चंबा डांस ग्रुप) द्वारा प्रस्तुत चंबा की पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू करवाया। वहीं पंकज डोगरा की हास्य प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित अत्याधुनिक ड्रोन शो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान आधुनिक तकनीक और रोशनी के अद्भुत समन्वय से आकाश में विभिन्न संदेशात्मक एवं आकर्षक आकृतियों का मनमोहक प्रदर्शन किया गया। ड्रोन शो के माध्यम से संस्कृति, एकता और विकास से जुड़े संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे और लंबे समय तक तालियों की गूंज बनी रही।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि केवल सिंह पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल जिला कांगड़ा की लोक-संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने तथा आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है, पर्यटन को बढ़ावा मिलता है तथा युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं नवाचार से जुड़े आयोजनों को निरंतर सहयोग प्रदान करती रहेगी।
इस अवसर पर पहाड़ी परिधानों में प्रस्तुत फैशन परेड को भी दर्शकों ने खूब सराहा। पहाड़ी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कांगड़ा कार्निवाल की इस विशेष पांचवी संध्या पर एडीएम शिल्पी बेक्टा भी पारम्परिक परिधान में नजर आयीं, इस दौरान एडीएम ने नशा मुक्त समाज और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, एसपी कांगड़ा अशोक रत्न, अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।