शाहपुर, 14 नवम्बर-शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज डीएवी पब्लिक स्कूल गोजू में आयोजित बाल दिवस, वार्षिक स्पोर्ट्स मीट एवं मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर बच्चों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति से बच्चों, अभिभावकों व शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। पठानिया ने कहा कि नेहरू जी ने हमेशा बच्चों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला माना और उनके प्रति इसी प्रेम के कारण समूचा देश उन्हें आज भी ‘चाचा नेहरू’ के नाम से याद करता है।
उन्होंने कहा नई पीढ़ी की शिक्षा, संस्कार और सुरक्षा पर किया गया निवेश ही भविष्य के सशक्त भारत की गारंटी है।
विधायक ने कहा कि आधुनिक भारत की प्रगति में नेहरू जी की दूरदर्शी सोच निर्णायक रही है, और आज भी उनके विचार राष्ट्र के विकास मार्ग को दिशा देते हैं।
उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन की दीर्घकालिक मांग पर स्कूल परिसर स्थित बिजली ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है, जिससे विद्यालय अब अपने प्रस्तावित अतिरिक्त भवन निर्माण को तेजी से आगे बढ़ा सकेगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस निर्णय के लिए पठानिया का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने दुर्गेला में नया हैंडपंप लगाने की घोषणा की और बच्चों के प्रोत्साहन हेतु अपनी ऐच्छिक निधि से 11,000 रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बच्चों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देना उनका कर्तव्य है।
इससे पूर्व उन्होंने रैत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नेहरू जी की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
*समारोह में मेधावी छात्रों को सम्मान, खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ*
उपमुख्य सचेतक ने मंच से मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। स्कूल पहुंचने पर प्रबंधन समिति ने उन्हें शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने वार्षिक स्पोर्ट्स मीट का विधिवत शुभारंभ किया, जहां बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समय की पाबंदी हर जिम्मेदार अधिकारी की पहचान है किसी भी कार्यक्रम में मुख्यातिथि से पहले उपस्थित रहना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता संदीप चौधरी, सहायक अभियंता लोक निर्माण विपुल, सहायक अभियंता विद्युत विक्रम शर्मा, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कुलभूषण, स्कूल स्टाफ, अभिभावक व स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।