चण्डीगढ़, 06.11.25 : सेक्टर 28 डी स्थित श्री खेड़ा शिव मंदिर में कार्तिक महात्म्य कथा का आज समापन हुआ। पवित्र अग्नि में सभी श्रोताओं ने भाव से आहुतियां दी। कथा वक्ता आचार्य ईश्वर चंद्र शास्त्री जी ने बताया कि कार्तिक मास सभी महीनों में श्रेष्ठ है और भगवान श्रीमन्नारायण को अति प्रिय है। कार्तिक मास में संयम व नियमों का पालन करते हुए जो व्रत करता है, उसके घर में लक्ष्मी बढ़ती है, शरीर निरोग रहता है और विचारों में शुद्धता आ जाती है।
शास्त्री जी ने चंडीगढ़ वासियों के लिए मंगल कामना की। उन्होंने बताया कि कार्तिक मास में अन्य महीनों की अपेक्षा अधिक त्योहार होते हैं, इसलिए इसे त्यौहार मास भी कहा जाता है। पंडित सुभाष चंद्र शर्मा ने इस अवसर पर हवन करवाया जिसमें श्रद्धालुगणों बिंदु बंसल, सुनीता भाटिया, संतोष वर्मा, अनीता गोयल, राम बहादुर, सुरेश कंबोज, कांता जैन आदि सभी श्रद्धालुओं ने भाव से हवन किया।