चंडीगढ़, 9 जून, 2025- हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने सोमवार को भारतीय इतिहास के दो महान नायकों, बाबा बंदा सिंह बहादुर और भगवान बिरसा मुंडा को उनके शहीदी दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उत्पीड़न के खिलाफ उनके साहसी संघर्ष और सामाजिक न्याय के लिए उनके अमर बलिदान को याद किया।
राज्यपाल ने कहा कि आज हम बाबा बंदा सिंह बहादुर के अद्वितीय साहस और बलिदान का सम्मान करते हैं, जिन्होंने पंजाब में न्याय और स्वशासन की नींव रखी और मुगलों के अत्याचार के खिलाफ डटे रहे। धर्म के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और उनका सर्वाेच्च बलिदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
श्री दत्तात्रेय ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को भी स्मरण किया, जिन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ आदिवासी समुदायों का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का निर्भीक संघर्ष और समतापूर्ण समाज का उनका स्वप्न भारत की सांस्कृतिक धरोहर और आदिवासी गौरव का प्रतीक है। उनकी विरासत हमें सामाजिक सशक्तिकरण और एकता का पाठ पढ़ाती है।
राज्यपाल ने देश के युवाओं से इन महानायकों के जीवन से प्रेरणा लेकर एक सशक्त, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों से बाबा बंदा सिंह बहादुर और भगवान बिरसा मुंडा के मूल्यों - साहस, बलिदान, सामाजिक न्याय और स्वतंत्रता की भावना को जीवित रखने की अपील की। राज्यपाल ने सभी से इन शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का अनुरोध किया, ताकि एक समृद्ध और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण हो सके।