चंडीगढ़, 3 जून 2025:भारतीय जनता पार्टी ने मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुँचाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान की शुरुआत की है। इसी क्रम में भाजपा चंडीगढ़ द्वारा स्थानीय प्रदेश कार्यालय ‘कमलम’ (सेक्टर 33) में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं जम्मू से विधायक नरेंद्र सिंह रैना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जतिंद्र पाल मल्होत्रा ने की।
प्रदेश उपाध्यक्ष और कार्यक्रम के संयोजक कैलाश चंद जैन, सह-संयोजक मनीष शर्मा, नरेश अरोड़ा, इंदिरा सिंह, अभय झा सहित पार्टी के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, मोर्चा अध्यक्ष और विभिन्न जिलों की कार्यक्रम समितियों के सदस्य भी उपस्थित रहे।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए नरेंद्र सिंह रैना ने कहा कि वर्ष 2014 में लिए गए संकल्पों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 वर्षों में सिद्धि तक पहुँचाया है। उन्होंने कहा कि भारत ने इस अवधि में वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिष्ठा को नई ऊँचाई दी है। आधारभूत ढाँचे से लेकर सामाजिक योजनाओं तक, हर क्षेत्र में असाधारण प्रगति हुई है।

उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, हर घर जल योजना, और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने देश के आम नागरिक को सीधा लाभ पहुँचाया है।
उन्होंने यह भी कहा कि सीमाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति ने आतंकवाद पर प्रभावी प्रहार किया है। हाल ही में संचालित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।

प्रदेश अध्यक्ष जतिंद्र पाल मल्होत्रा ने इस अवसर को भारत के विकास की एक ऐतिहासिक समीक्षा बताया। उन्होंने कहा, “मोदी सरकार के 11 वर्ष: संकल्प से सिद्धि तक” केवल एक नारा नहीं, बल्कि विकास और विश्वास की जीवंत गाथा है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जिले में कार्यशालाएँ और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे, ताकि सरकार की उपलब्धियाँ आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाई जा सकें।