हिसार, 18.11.26- - पीजीएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा फॉर्म भरने के शुभ अवसर पर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं परीक्षा में सफलता की कामना को लेकर स्कूल प्रांगण में हवन-पूजन एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षण संस्थान के प्रधान बजरंग गर्ग ने की।

इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों, स्कूल के अध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और हवन में आहुति डालकर विद्यार्थियों के अच्छे भविष्य की कामना की।इस अवसर पर संस्थान के प्रधान बजरंग गर्ग ने संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता प्राप्त करने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए। बोर्ड की परीक्षाएं विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती हैं। इसलिए सभी विद्यार्थियों को बिना किसी तनाव के पूरी लगन, मेहनत और एकाग्रता के साथ अपनी पढ़ाई करनी चाहिए।बजरंग गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों को परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के साथ-साथ एक अच्छा नागरिक बनने का लक्ष्य भी रखना चाहिए। अध्यापक और अभिभावक बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्कूल के अध्यापकों से भी आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दें।कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया तथा बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने और जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण रहा।

इस अवसर पर प्रिंसिपल सत्येंद्र गोयल, सचिव सुरेंद्र सिंगला, प्रबंधक ओमप्रकाश असीजा, गंगा प्रसाद मौर्य, गुलाब सिंह राणा, अंगूरी देवी, अनीता गर्ग, सुनीता पूनिया, चंद्रकान्ता अग्रवाल, प्रिया भाटिया, मीनू शर्मा, सीमा गोयल, संगीता गौतम, अनिल सैनी, मनदीप चौधरी, धीरज गर्ग, रामनिवास सिहाग, योगेश जोड़ा आदि प्रतिनिधियों ने भाग लिया।