शाहपुर, 14 नवंबर : शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की पहचान एक ऐसे जनप्रतिनिधि के रूप में है, जो विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के साथ-साथ आमजन के सुख-दुःख में भी पूरी संवेदनशीलता के साथ सहभागी बनते हैं।
क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना, जरूरत के समय सहायता के लिए आगे आना और विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रयास करना उनकी कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सिंचाई, खेल तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण को लेकर वह लगातार प्रयासरत रहते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना, नई परियोजनाओं को स्वीकृत करवाने के लिए सरकार एवं संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष रखना और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर नजर रखना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका प्रयास रहता है कि विकास का लाभ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होने से लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए।
पठानिया की जनसेवा का दायरा केवल विकास योजनाओं और सरकारी कार्यों तक सीमित नहीं है। क्षेत्र में किसी परिवार पर संकट आने, किसी अप्रिय घटना या प्राकृतिक आपदा से नुकसान होने अथवा किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर वह स्वयं प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनका दुख-दर्द बांटते हैं। अस्पतालों में जाकर मरीजों का कुशलक्षेम जानना, जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को समझना और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास करना उनकी संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है।
पठानिया ने बताया कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्य करवाना ही नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुःख में सहभागी बनना भी है। यही वजह है कि वह विधानसभा क्षेत्र के लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखते हैं और किसी भी जरूरत के समय एक सच्चे जनसेवक के रूप में उनके साथ खड़े नजर आते हैं। लोगों के बीच उनकी सक्रिय उपस्थिति और समस्याओं के समाधान के प्रति तत्परता जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जनसेवा और विकास कार्यों की व्यस्त दिनचर्या के बीच पठानिया का अपनी मिट्टी और खेती-किसानी से जुड़ाव भी बरकरार है। शनिवार सुबह वह ट्रैक्टर लेकर अपने खेतों में पहुंचे और स्वयं खेत की जुताई एवं बुआई का कार्य किया। व्यस्त सार्वजनिक जीवन के बावजूद खेती के लिए समय निकालना उनके ग्रामीण परिवेश, मेहनत और पारंपरिक जीवनशैली के प्रति लगाव को प्रदर्शित करता है।
जनसेवा, विकास के प्रति प्रतिबद्धता, लोगों के सुख-दुःख में सहभागिता और खेती-किसानी से आत्मीय जुड़ाव का यह संगम उनकी कार्यशैली को एक अलग पहचान देता है। उनका यह संदेश भी प्रेरणादायक है कि चाहे जिम्मेदारियां कितनी ही बड़ी क्यों न हों, अपनी मिट्टी, अपने लोगों, मेहनत और परंपराओं से जुड़ाव हमेशा बनाए रखना चाहिए।