धर्मशाला, 12 नवंबर : चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प को जन आंदोलन का स्वरूप देने और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में हारचक्कियां से गुब्बर तक एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। एप्रोप्रिएट टेक्नोलॉजी सेंटर (उपयुक्त प्रौद्योगिकी केंद्र), शाहपुर के सौजन्य से आयोजित इस जागरूकता अभियान को उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पठानिया स्वयं भी विद्यार्थियों और आमजन के साथ वॉकथॉन में शामिल हुए और चिट्टा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे।
वॉकथॉन में राजकीय महाविद्यालय लंज, पीएमश्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हारचक्कियां, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मनेई, राजकीय उच्च विद्यालय लपियाना, एसआरएम पब्लिक स्कूल हारचक्कियां, डीएवी स्कूल मनेई तथा आईटीआई हारचक्कियां के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने भी अभियान में सहभागिता निभाई। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर तथा चिट्टे के विरुद्ध नारे लगाकर आमजन को जागरूक किया।
केवल सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने जीवन में सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का संकल्प बनाना होगा। विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
पठानिया ने कहा कि चिट्टा समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। इसका प्रचलन युवाओं के भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवारों और सामाजिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। नशे की गिरफ्त में आने से न केवल एक युवा का जीवन प्रभावित होता है, बल्कि पूरा परिवार मानसिक, सामाजिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करता है। ऐसे में इस सामाजिक बुराई के उन्मूलन के लिए सरकार, प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और इसके नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। चिट्टे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सरकारी सेवा में रहते हुए इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाए गए कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त करने जैसे कड़े कदम भी उठाए गए हैं। इसके अतिरिक्त नशे के कारोबार में शामिल लोगों की गिरफ्तारी, उन्हें जेल भेजने तथा इस अवैध धंधे से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को केवल कानून और पुलिस कार्रवाई के माध्यम से पूरी तरह सफल नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए सामाजिक चेतना, जनसहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी भी उतनी ही आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया है, जिसमें प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
पठानिया ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवारजनों तथा आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। यदि किसी युवा को नशे की गिरफ्त में जाता हुआ देखें तो उसे उपेक्षित करने के बजाय सही मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश और प्रदेश का भविष्य है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को खेलकूद, शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों, रचनात्मक कार्यों तथा सामाजिक सेवा से जोड़कर उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सकता है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से भी आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्तर पर नशामुक्ति जागरूकता गतिविधियों को निरंतर जारी रखें, ताकि स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार युवा पीढ़ी का निर्माण किया जा सके।
वॉकथॉन के माध्यम से प्रतिभागियों ने नशामुक्ति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। पठानिया ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त वातावरण के साथ स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण भी जरूरी है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लोगों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ सामूहिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग, एसडीएम ज्वाली नरेंद्र, उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अजय समयाल, एप्रोप्रिएट टेक्नोलॉजी सेंटर शाहपुर की प्रभारी डॉ. सुनंदा पठानिया, डीएफओ अमित शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।