चंडीगढ़ , 27 अक्टूबर - जाट सभा पंचकूला-चंडीगढ़ के कार्यकारिणी सदस्यों की एक मीटिंग सभा के प्रधान डॉ. महेन्द्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
मीटिंग में यह निर्णय लिया गया कि इस बार जाट सभा द्वारा आगामी दो नवंबर को हरियाणा दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चंडीगढ़ के सांसद श्री मनीष तिवारी होंगे जबकि अध्यक्षता डॉ महेंद्र सिंह मलिक करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष श्री एच एस लक्की एवं पंजाब -हरियाणा हाई कोर्ट के सीनियर एडवोकेट श्री रामकुमार मलिक शिरकत करेंगे।
इस अवसर पर सांसद श्री मनीष तिवारी द्वारा उनके संसदीय कोटे से निर्मित लिफ्ट का उद्घाटन भी किया जाएगा।
समारोह में सेंट्रल यूनिवर्सिटी महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के प्रोफेसर दिनेश चहल और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के प्रो. विनोद कुमार चौधरी अपने विचार रखेंगे। साथ ही जाट सभा के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर श्री सतीश बजाड़ भी अपने विचार साझा करेंगे।
हरियाणा दिवस पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में श्री राधेश्याम सैनी मनोरंजन के लिए हरियाणा प्रदेश पर बनी रागणियों की प्रस्तुति देंगे और श्रीमती सुषमा मान हरियाणवी गीत प्रस्तुत करेंगी।
मीटिंग में सभा के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें उपाध्यक्ष श्री अशोक कुमार व जयपाल पुनिया, सचिव बी.एस. गिल, वित्त सचिव रामफल नैन, जनसंपर्क सचिव जे.एस. ढिल्लो व सतीश बजाड़, एडिटर मनबीर सांगवान, तथा सदस्य विमल जून, सुरेन्द्र बांगड़, डी.आर. कैरो, हवा सिंह लोहान, सतबीर सिंह, नरेश दहिया ,कार्यालय सचिव प्रेम सिंह शामिल रहे।
मीटिंग की शुरुआत में जाट सभा के आजीवन सदस्य श्री महेन्द्र सिंह सांगवान और श्री करण सिंह ग्रेवाल के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी आत्मिक शान्ति के लिए प्रार्थना की गई।