चम्बा, 16 सितंबर-जिला परिषद चम्बा की त्रैमासिक बैठक आज बचत भवन में जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद अमित मैहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जिला परिषद के आय-व्यय तथा वित्त वर्ष 2026-27 के वार्षिक अनुमोदित बजट को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही विकास खंड पांगी को छोड़कर जिला के अन्य सभी विकास खंडों में वी.बी.जी.-राम जी योजना के तहत लगभग 54 हजार कार्यों के लिए 1878 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के सेल्फ को अनुमोदन प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त 16वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त होने वाली टाइड एवं अनटाइड फंड की राशि से संबंधित विकास कार्यों के सेल्फ को भी अनुमोदन प्रदान किया गया।
जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला परिषद की बैठकों में उठाए जाने वाले जनहित से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए।
बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जनहित के 60 मदों पर चर्चा की गई, जिनमें बिजली, पेयजल, परिवहन, शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, पर्यटन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। उन्होंने कुछ मदों पर संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में परिषद के सचिव एवं जिला पंचायत अधिकारी महेश चंद ने विभिन्न मदों एवं मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। जिला परिषद सदस्यों ने भी बैठक के दौरान विभिन्न जनहित के मुद्दे उठाए तथा महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक के आरंभ में जिला परिषद सदस्यों, उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गत दिनों पूर्व जिला परिषद सदस्य स्वर्गीय चंद्रभूषण के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बैठक में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले स्वच्छता ही सेवा अभियान को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली खान, जिला परिषद के सदस्य, उप पुलिस अधीक्षक बलदेव दत्त, वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. भारद्वाज, उपनिदेशक पशु पालन डॉ. राकेश भंगालिया, उपनिदेशक कृषि डॉ. भूपेंद्र सिंह, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, खंड विकास अधिकारी बशीर खान व अनिल गुराडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।