चंडीगढ़, 16 सितंबर 2026:चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के हजारों निवासियों को लंबे समय से चली आ रही Need-Based Changes, नियमितीकरण तथा लिफ्ट आदि से संबंधित मांगों पर राहत मिलने की दिशा में हुई प्रगति का स्वागत करते हुए भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष अवि भसीन ने सभी हाउसिंग बोर्ड निवासियों को बधाई दी है।
अवि भसीन ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड के मकानों में समय के साथ परिवारों की आवश्यकताओं के अनुसार किए गए बदलावों को लेकर निवासी लंबे समय से परेशानियों, नोटिस और पेनल्टी का सामना कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन व्यावहारिक समस्याओं को समझते हुए माननीय पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया जी द्वारा इस विषय पर सकारात्मक पहल किया जाना सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा गठित समिति ने भी Need-Based Changes की जमीनी स्थिति का अध्ययन किया और निवासियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सिफारिशें की हैं। इनमें स्वतंत्र मकानों में आवश्यक बदलावों के नियमितीकरण तथा हाउसिंग बोर्ड के फ्लैटों में लिफ्ट की अनुमति जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
अवि भसीन ने भाजपा चंडीगढ़ के नेतृत्व का भी आभार व्यक्त किया, जिसने इस जनहित के मुद्दे को लगातार प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया और निवासियों की आवाज को मजबूती से आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा,“यह केवल भवनों से जुड़े नियमों का विषय नहीं था, बल्कि हजारों परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और वर्षों से बसे उनके घरों से जुड़ा विषय था। मैं चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के सभी निवासियों को इस राहत के लिए हार्दिक बधाई देता हूं और माननीय प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को संवेदनशीलता के साथ समझा।”
अवि भसीन ने कहा कि आगे भी वे चंडीगढ़ के निवासियों और उद्यमियों से जुड़े जनहित के मुद्दों को उचित मंच पर लगातार उठाते रहेंगे।