08 जुलाई 2026

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने किया जनगणना के कार्य का निरीक्षण
मकानों की गणना एवं सूचीकरण 15 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश

हमीरपुर 08 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला हमीरपुर की प्रधान जनगणना अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने बुधवार को फील्ड में जाकर कई गांवों में जनगणना के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने हमीरपुर के निकटवर्ती गांव चौकी कनकरी और आस-पास के क्षेत्रों में जाकर फील्ड में जनगणना-2027 के पहले चरण की प्रक्रिया के तहत मकानों की गणना एवं सूचीकरण का कार्य कर रहे प्रगणकों और सुपरवाइजरों से इस महत्वपूर्ण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की तथा उनसे सहयोग की अपील की।
उपायुक्त ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों से कहा कि वे मकानों की गणना एवं सूचीकरण के कार्य को 15 जुलाई तक हर हाल में पूरा करें। उन्होंने कहा कि मकानों की गणना एवं सूचीकरण के दौरान सही डाटा अपलोड होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से भी कहा कि जनगणना का कार्य राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। जनगणना-2027 की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटाइज किया गया है, जिसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में मकानों के सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 15 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अगले वर्ष वास्तविक जनगणना की जाएगी।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि जनगणना-2027 के सही आंकड़े सामने आ सकें और भविष्य में इन्हीं आंकड़ों के अनुसार जिला के लिए उपयुक्त योजनाएं तैयार की जा सकें।

================================================

=====================================================

सांसद कंगना रनौत ने कुल्लू में मोबाइल मेडिकल वैन आधारित स्वास्थ्य सेवा का किया शुभारंभ
ग्रामीण क्षेत्रों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता, हर जरूरतमंद तक चिकित्सा सेवा पहुंचे : कंगना रनौत
कुल्लू, 8 जुलाई। मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने आज कुल्लू जिले के ग्राम चंसारी में एनएचपीसी लिमिटेड के सहयोग से मैट्रिक्स सोसाइटी फॉर सोशल सर्विसेज द्वारा संचालित मोबाइल मेडिकल वैन आधारित प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और यह पहल उसी संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सांसद कंगना रनौत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, रक्त परीक्षण, आवश्यक दवाइयां तथा प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं लोगों के घर-द्वार तक पहुंचेंगी, जिससे विशेष रूप से गरीब, बुजुर्ग, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक कार्य कर रही है। आयुष्मान भारत योजना, नए एम्स, मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, स्वास्थ्य एवं वेलनेस सेंटर तथा डिजिटल हेल्थ मिशन जैसी अनेक योजनाओं ने देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान की है। अब इसी सोच के अनुरूप मोबाइल स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी।
कंगना रनौत ने इस जनहितकारी पहल के लिए एनएचपीसी लिमिटेड तथा मैट्रिक्स सोसाइटी फॉर सोशल सर्विसेज की सराहना करते हुए कहा कि सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मोबाइल मेडिकल वैन हजारों लोगों के लिए वरदान सिद्ध होगी और क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ समय पर उपचार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, चिकित्सक, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, रक्त परीक्षण तथा आवश्यक दवाइयों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।