मॉनसून सीजन के लिए आवश्यक प्रबंध करें सभी विभाग : गंधर्वा राठौड़
आपदा की आशंका वाले स्थान चिह्नित करें, मशीनरी और अन्य संसाधन तैयार रखें
नालों एवं नालियों की सफाई और खतरनाक पेड़ों को हटाने के दिए निर्देश
हमीरपुर 09 जून। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों को आगामी मॉनसून सीजन के मद्देनजर ऐहतियात के तौर पर आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। मॉनसून सीजन के दौरान किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों के संबंध में मंगलवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के साथ वीडियो कांफ्रंेसिंग के माध्यम से हुई बैठक के बाद उपायुक्त ने जिला के अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान कहा कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों को पहले ही चिह्नित कर लें और लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की मशीनरी तथा अन्य संसाधनों की मैपिंग करें। होमगार्ड्स, पुलिस और स्थानीय वालंटियर्स की टीमों को आवश्यक उपकरणों सहित तैयार रखें।
उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने संसाधनों की सूची डीडीएमए को प्रेषित करें, ताकि किसी भी तरह की आपात स्थिति के दौरान इनका उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिले भर में सड़कों, भवनों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास सूखे एवं खतरनाक पेड़ तुरंत हटाए जाने चाहिए। वन विभाग ने भी ऐसे लगभग 450 पेड़ चिह्नित किए हैं। इन्हें हटाने के लिए सभी संबंधित विभाग संयुक्त रणनीति तैयार करें।
उपायुक्त ने कहा कि सभी शहरी क्षेत्रों एवं सड़कों के किनारे की नालियों और नालों की सफाई के लिए 20 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। जल शक्ति विभाग पेयजल स्रोतों की सफाई सुनिश्चित करे तथा ब्लीचिंग पाउडर और क्लोरिनेशन की सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखे। स्वास्थ्य विभाग और खाद्य आपूर्ति विभाग भी आवश्यक दवाइयों तथा खाद्य वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करे। जल जनित रोगों और सर्पदंश इत्यादि से बचाव के प्रति भी आम लोगों को जागरुक किया जाना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि डीडीएमए की ओर से जारी किए जाने वाले मौसम के पूर्वानुमानों, चेतावनियों और एडवायजरी से संबंधित संदेश तुरंत आम लोगों तक पहुंचाए जाने चाहिए। जिले में कहीं पर भी होने वाले नुक्सान की रिपोर्ट भी तुरंत जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में पहुंचनी चाहिए। टॉल फ्री नंबर 1077 पर भी सूचना दी जा सकती है। बैठक में आपदा प्रबंधन से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग ने विभिन्न प्रबंधों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह और अन्य अधिकारियों के अलावा अन्य उपमंडलों के एसडीएम ने भी वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।
=======================================
भोरंज के चयनित आंगनवाड़ी केंद्रों में लगेंगे समर कैंप
बच्चों के नामांकन एवं नियमित उपस्थिति को दिया जाएगा बढ़ावा
आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं को समझाई इस अभियान की बारीकियां
भोरंज 09 जून। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के नामांकन एवं नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देने तथा उन्हें विद्यालय में प्रवेश के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग तथा ‘प्रथम’ एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के चयनित 6400 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में समर कैंप 2026 ‘कमाल की तैयारी’ का आयोजन किया जा रहा है। भोरंज खंड में भी यह अभियान शुरू किया जा रहा है।
इसी कड़ी में, मंगलवार को भोरंज के 40 आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाल विकास जिला परियोजना अधिकारी सुनील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की जिला समन्वयक रेणुका शर्मा और अन्य अधिकारी रमेश धीमान ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को इस अभियान की बारीकियों से अवगत करवाया तथा बच्चों के विकास के क्षेत्र एवं उनकी तैयारी से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन कर इनकी उपयोगिता समझाई। उन्होंने बताया कि बाल विकास परियोजना भोरंज के चयनित आंगनवाड़ी केंद्रों में 13 से 16 जून के बीच में समर मेले आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में 3 से 6 साल के लगभग 80,000 बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न आंगनवाड़ी वृत्तों के पर्यवेक्षक अभिषेक ठाकुर, सरोजां देवी, अंजना शर्मा और सुनील नड्डा ने भी भाग लिया।
======================================
ज़िला स्तरीय मासिक मूल्यांकन बैठक का आयोजन
आज दिनाक 09/ 06/2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री की अध्यक्षता में सी ऍम ओ ऑफिस के
कांफ्रेंस हॉल में ज़िला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया
जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. नेहा पटियाल, सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी,
जिला सूचना एवम् सम्प्रेषण अधिकारी सुनील रांगडा, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक ,
ब्लाक प्रोग्राम मैनेजेर उपस्थित रहे l
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा
स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा
की गई। जिसमें प्रमुख रूप से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण
अभियान के अंतर्गत जो बच्चे छूट रहे हैं उनको भी टीकाकरण करना
सुनिश्चित किया जाये ताकि कोई भी बच्चा छूट न जाये, जितनी भी गर्भवती
महिलाएं हैं उनका पंजीकरण अति शीघ्र किया जाये l और बताया कि प्रसव
पूर्व अवधि के दौरान ही गर्भवती महिलाओं को परिवार नियोजन के तरीकों को
अपनाने के लिए परामर्श दिया जाना चाहिए और जननी सुरक्षा योजना में
लाभार्थी महिलाएं इस योजना से वंचित न रहें l
और कहा की राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों की
अपंगता को अतिशीघ्र पहचlनना और उनका निदान करना सुनिश्चित किया जाये l और
बताया की प्रथम रेफरल इकाई बनाने के लिए खंड सुजानपुर, भोरंज , नादौन
और बड़सर अपना परपोजल भेजें l
कोटपा एक्ट के अंतर्गत खुली सिगरेट बेचने पर प्रतिबंद है इसमें यदि कोई
खुली सिगरेट बेचता हुआ पकड़ा गया तो जुरमान और सजा का प्रावधान है l और
जिनके पास सिगरेट बेचने के लाइसेंस हैं वे चेतावनी बोर्ड जरुर लगवाएं कि
हम 18 साल के निचे वाले बच्चों को बीड़ी और सिगरेट नहीं बेचते हैं l
उन्होंने यह भी बताया कि एचबीएनसी (होम बेस्ड न्यूबॉर्न
केयर) के तहत आशा कार्यकर्ता नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए घर पर सात
बार दौरा करती हैं और आवश्यक सेवाएं प्रदान करती हैं इन दौरों को शत
प्रतिशत सुनिश्चित करें l और कहा की महिलाओं और बच्चों में अनीमिया और
पोषण की तरफ ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है l
==================================
हमीरपुर में होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम
21 जून को अणु के मैदान में बड़ी संख्या में लोग करेंगे योगाभ्यास
हमीरपुर 09 जून। आयुष विभाग इस बार 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हमीरपुर में करने जा रहा है। अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम के लिए आयुष विभाग ने जिला प्रशासन के सहयोग से तैयारियां आरंभ कर दी हैं। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को यहां हमीर भवन में जिला के प्रशासनिक, पुलिस, आयुष विभाग, अन्य विभागों और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करके राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।
उपायुक्त ने बताया कि आयुष विभाग के निदेशालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग योगाभ्यास करेंगे। इसलिए, आयोजन स्थल पर कारपैट एवं मैट बिछाने से लेकर पेयजल, शौचालय, सफाई, प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट, मैदान के बाहर वाहनों की पार्किंग और अन्य सभी आवश्यक प्रबंधों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेयजल एवं रिफ्रेशमेंट के वितरण और अन्य व्यवस्थाओं के लिए नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस और स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं के वॉलंटियर्स की मदद भी ली जा सकती है। मौसम खराब होने की स्थिति में मैदान के साथ ही स्थित इंडोर स्टेडियम में वैकल्पिक प्रबंध होने चाहिए। उपायुक्त ने आयोजन स्थल और इसके आस-पास के क्षेत्र में अन्य सभी प्रबंधों को लेकर भी संबंधित विभागों, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश जारी किए।
बैठक में सहायक आयुक्त चिराग शर्मा और जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. तनुजा नागपाल ने विभिन्न प्रबंधों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम संजीत सिंह, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
=============================================
सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों को सुलह एवं मध्यस्थता से निपटाने का मौका
गूगल फार्म के माध्यम से अब 31 जुलाई तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
हमीरपुर 09 जून। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण हमीरपुर के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को आपसी सुलह एवं मध्यस्थता से निपटाने के लिए गूगल फार्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि अब 31 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को आपसी सुलह एवं मध्यस्थता से निपटाने के इच्छुक पक्षकारों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि आम लोगों के लिए न्याय सुलभ बनाने के सर्वाेच्च न्यायालय के प्रयासों की कड़ी में 21 अप्रैल से सर्वाेच्च न्यायालय के परिसर में समाधान समारोह 2026 का शुभारंभ किया गया है। इस विशेष अभियान के दौरान विभिन्न केसों का निपटारा आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता से किया जा रहा है। 21, 22 तथा 23 अगस्त 2026 को सर्वाेच्च न्यायालय के परिसर में विशेष लोक अदालतों के आयोजन के साथ ही इस विशेष अभियान का समापन होगा।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि लंबित मामलों को समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 में शामिल करने के लिए एक सरल गूगल फार्म तैयार किया गया है, जो सर्वाेच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट एससीआई.जीओवी.इन sci.gov.in पर उपलब्ध है। इच्छुक पक्षकार दिए गए लिंक के माध्यम से 31 मई तक गूगल फार्म भरकर अपने मामले को इस विशेष लोक अदालत में शामिल करवा सकते हैं।
उन्होंने अधिवक्ताओं एवं सभी संबंधित पक्षकारों से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 01972-224399 पर संपर्क किया जा सकता है।
=============================================
भोरंज में आंगनवाड़ी के 14 पदों के लिए आवेदन 27 जून तक
भोरंज 09 जून। बाल विकास परियोजना भोरंज के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 14 पदों के लिए पात्र महिलाओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 27 जून तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय भोरंज मंे आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सीडीपीओ सुनील कुमार ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र लदरौर कलां, भौर-1, बुमाणा, भोटी और फकड़ुई में कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाएगा। जबकि, आंगनवाड़ी केंद्र सौटा, भोटी, भोरंज-1, बस्सी, बालू, भजलाह, छत्तर कलां, टिक्करी घुरालां और मालियां में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा।
उन्होंने बताया कि बताया कि इन पदों के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए और उसका नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए। वह कम से कम बारहवीं पास और सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय पचास हजार रुपये से अधिक न हो। आय के संबंध में कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद हेतु यदि कोई कार्यरत आंगनवाड़ी सहायिका आवेदन करती है तो ऐसी स्थिति में आवेदक को आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में मिलने वाले मानदेय की गणना परिवार की वार्षिक आय में नहीं की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया कुल 25 अंकों के आधार पर होगी जिसमें शैक्षणिक योग्यता के लिए अधिकतम 10 अंक मिलेंगे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बाल सेविका, बालवाड़ी अध्यापिका, नर्सरी टीचर, उसी पंचायत में कार्यरत सिलाई अध्यापिका, शिशु पालक के रूप में अनुभव के लिए अधिकतम 3 अंक दिए जाएंगे। एससी, एसटी या ओबीसी के लिए 2 अंक 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता पर 2 अंक मिलेंगे। स्टेट होम अथवा बालिका आश्रम की प्रवासिनी, अनाथ, विधवा, निराश्रित, तलाकशुदा या अन्य एकल नारी, विवाहित महिला जिसका पति पिछले 7 साल से लापता है, केवल दो बेटियों तक सीमित परिवार से संबंध रखने वाली अविवाहित प्रत्याशी या केवल दो बेटियों की माता होने पर भी 2 अंक मिलेंगे। जबकि, साक्षात्कार के लिए 3 अंक निर्धारित किए गए हैं।
इन पदों के लिए साक्षात्कार 30 जून को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय भोरंज में होंगे। इस संबंध में अलग से कोई पत्र नहीं भेजा जाएगा। चयन प्रक्रिया संबंधी जानकारी संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र और ग्राम पंचायत सचिव के पास भी उपलब्ध रहेगी। अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना भोरंज के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।