चण्डीगढ़, 11.06.24- : विश्व हिन्दू परिषद् (विहिप), पंजाब प्रान्त, जिसमें चण्डीगढ़ भी शामिल है, द्वारा सात दिवसीय दुर्गावाहिनी प्रांतीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है जिसमें पंजाब के विभिन्न जिलों की 87 युवतियां भाग ले रहीं हैं। 10 महिला शिक्षक इनकें बौद्धिक एवं शारीरिक विकास के लिए कार्य कर रहीं हैं। प्रारम्भिक सत्र में विश्व हिंदू परिषद उतर क्षेत्र के संगठन मंत्री ने इन्हें समाज में आ रही चुनौतियों से अवगत करते हुए अपनी पुरातन संस्कृति, आत्म रक्षा एवं राष्ट्र की महानता के बारे में बताया व जागरूक किया।
विहिप के विभाग मंत्री प्रदीप शर्मा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि विहिप अपने अग्रणी संगठन दुर्गा वाहिनी के जरिए हिन्दू युवतियों को संगठित कर उनमें संस्कार निर्माण करने, आत्मरक्षा एवं राष्ट्र रक्षा के साथ हिन्दू जागरण के कार्य में संलग्न है तथा सेवा, सुरक्षा संस्कार का उद्देश्य लेकर भारत माता को फिर से अपने प्राचीन गौरवमयी विश्व गुरु के स्थान पर स्थापित करना ही इसका परम लक्ष्य है। इसी लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी 9 जून से 16 जून तक दुर्गावाहिनी के प्रांत स्तरीय सात दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है जिसमें युवतियों को शारीरिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आयोजन स्थल शारदा सर्वहितकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 40-डी में सुभाष (प्रान्त अध्यक्ष, विहिप ) सुनील (प्रान्त मंत्री, विहिप) व प्रीति (दुर्गा वाहिनी), रुचि (प्रान्त संयोजिका, मातृ शक्ति) व कंचन (प्रान्त बालसंस्कार प्रमुख) के साथ-साथ अलका शर्मा की देखरेख में ये शिविर चल रहा है।