चंडीगढ़, 28.05.24- केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने रामदरबार के दशहरा ग्राउंड में चंडीगढ़ के मतदाताओं से लोकतंत्र का हनुमान बन कर भाजपा को विजयी बनाने की अपील की। स्मृति ईरानी मंगलवार देर शाम को चंडीगढ़ से भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन के समर्थन में महिला शक्ति सम्मान रैली में पहुंचीं थी। उन्होंने महिला का भारी हुजूम देख कर कहा कि मैं केवल प्रचार करने नहीं,बल्कि आभार व्यक्त करने आई हूं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद जताते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें हर क्षेत्र में सशक्त बनाने का कार्य किया है।

उन्होंने चंडीगढ़ वासियों से अपील भी की कि वे एक जून को लोकतंत्र के महापर्व में बढ़ चढ़ कर भाग लें और भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन को विजयी बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि साल2014 और 2019 में विकसित भारत के साथ नवभारत के निर्माण की नींव रखी देश के प्रधानमंत्री द्वारा रखी गई थी,क्योंकि देश की जनता ने उन्हें भारत का प्रधानमंत्री बनाने का काम किया था,2024 में देश की जनता के सामने एक बार फिर मौका है,वह चंडीगढ़ से संजय टंडन को विजयी बनाकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि देश ने कभी नहीं सोचा था कि गरीबों और महिलाओं के लिए चिंता करने वाले प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी अपनी गारंटी पर बैंक खाते खुलवाने का काम करेंगे।आज देश में 23 करोड़ महिलाओं के पहली बार बैंक खाते तब खुले हैं जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने। उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं बैंक खाते इसलिए नहीं खोल पा रही थी,क्योंकि उसके पास न्यूनतम राशि भी बैंक खाते में रखने के लिए नहीं थी,लेकिन मोदी सरकार में उनकी गारंटी पर बैंकों में महिलाओं के खाते खुले। आज सरकार की योजनाओं का पैसा सीधा बैंक खातों में आ रहा है।

स्मृति ईरानी ने प्रियंका गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा कि मुझे पता चला है कि पिछले दिनों वह चंडीगढ़ में अपने प्रत्याशी मनीष तिवारी के लिए प्रचार करने आई थी,लेकिन उनके होते मंच पर उनके नेता फोटो के लिए झगड़ा कर रहे थे। कांग्रेस के नेताओं में सिर्फ फोटो खिचवाने की होड़ थी। अब चंडीगढ़ की जनता सोच सकती है कि जिस पार्टी के नेता फोटो खिंचवाने के लिए लड़ रहे हों,वे देश की जनता,गरीबों और देश के बारे में क्या सोचेंगे ? चंडीगढ़ में कांग्रेस सरका१र के कार्यकाल को याद कर सकते हैं चंडीगढ़ वासी कि उनकी सरकार में चंडीगढ़ को अठन्नी तक नहीं मिली। कांग्रेस देश के विकास के लिए नहीं,अपनी विरासत और सत्ता की भूख के लिए चुनाव लड़ रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में जब वैश्विक महामारी कोरोना से लोग दहशत में थे,तब मोदी सरकार ने मुफ्त में कोरोना की वैक्सीन लगवाने और गरीबों तक फ्री राशन पहुंचने का काम किया था। उस समय कांग्रेस के नेताओं ने भी कोरोना से बचाव के लिए फ्री टीके लगवाए थे,मगर बाद में मोदी को गाली देने का काम भी किया।

स्मृति ईरानी ने कहा कि अगर कोरोना के समय कांग्रेस की सरकार होती तो गरीबों में वितरण किया जाने वाला राशन बाजार में बेच दिया जाता और कोरोना की फ्री वैक्सीन चंडीगढ़ में पवन बंसल के घर से बरामद होती। केंद्रीय मंत्री ने भाजपा सरकार द्वारा शुरु की गई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश के 27 हजार अस्पतालों में गरीब और जरुरतमंद जनता को आयुष्मान भारत योजना के कारण पांच लाख रुपये फ्री ईलाज की सुविधा मिल रही है। रैली में उन्होंने पूछा कि कितने लोग श्रीराम मंदिर बनने से खुश हैं,यह सुनते ही रैली स्थल जयश्रीराम के नारों से गूंज उठा।भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन ने कहा कि पहली बार चुनाव में है कि आज क्रप्शन का मुद्दा नहीं उठ रहा,जबकि 2014 से पहले चुनावों के समय विकास नहीं,बल्कि भ्रष्टाचार का मुद्दा छाया रहता था। उन्होंने मोदी के हाथ मजबूत करने और विकसित भारत के लिए एक जून को भाजपा को वोट डालने की अपील की। वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा,अंबाला से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया,कालका की पूर्व विधायक लतिका शर्मा,राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत ,महिला भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष हीरा नेगी,उपाध्यक्ष पूनम शर्मा सहित अन्य नेत्रियों ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट किया।

--