चंडीगढ़,17.04.24- भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी संजय टंडन रविवार को प्रदेश कार्यालय कमलम पहुंचे और यहां प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा द्वारा आयोजित जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, जिला महामंत्रियों मंडल अध्यक्षों एवं महामंत्रियों, सभी मोर्चों के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों की बैठक में शिरकत की। बैठक को संबोधित करते हुए संजय टंडन ने सर्वप्रथम रामनवमी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर के लोग भाग्यशाली है जिन्होंने पांच सदी के लंबे इंतजार के बाद भगवान श्री राम का मंदिर बनते देखा और रामलला के दर्शन किए।

टंडन ने इस मौके पर पदाधिकारी का उत्साह बढ़ाते हुए चुनाव प्रचार को लेकर किया जा रहे अभियान की सराहना की। उन्होंने देश के पूर्व केंद्रीय मंत्री सिकंदर बखत का एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता अपने परिवार के लोगों से भी हाथ जोड़कर भाजपा के लिए वोट मांगने की अपील अवश्य करें।

टंडन ने कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाजपा की वोट शेयर में कोई भी विपक्षी दल सेंध ना लगा, पाए इसके प्रति पूरा चौकस रहना होगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि 500 साल बाद मोदी सरकार में राम मंदिर बना है। 2014 से पहले भ्रष्टाचार के कारण दुनिया में भारत की छवि खराब थी, लेकिन 2014 के बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार ने भ्रष्टाचार के धब्बे को साफ करने का न केवल काम किया, बल्कि 10 वर्षों में देश में बड़ा बदलाव लाने का काम किया है। आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बजा रहा है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ हुकम चंद, अमित जिंदल एवं अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।