चंडीगढ़ 27 फरवरी। जननायक जनता पार्टी की विधायक नैना सिंह चौटाला ने हरियाणा के बजट को महिलाओं के हित में बताया है और कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने अनेक कदम उठाए है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बजट में महिलाओं को ड्रोन प्रशिक्षण, स्वयं सहायता समूह महिलाओं के लिए दुकानें खोलना, महिलाओं को वीटा बूथ, लखपति दीदी योजना, महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित करना व उनके स्वास्थ्य को लेकर जागरूक करने जैसे अनेक निर्णय लिए है। वे मंगलवार को हरियाणा विधानसभा बजट सत्र में बजट चर्चा पर बोल रहीं थी। उन्होंने बजट में महिलाओं का पूरा ख्याल रखने के लिए राज्य सरकार का आभार भी व्यक्त किया।

विधायक नैना चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा में पढ़ी-लिखी पंचायतें है, पुरुषों के बराबर पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी है, राशन डिपो के संचालन में 33 प्रतिशत महिलाओं की हिस्सेदारी है, इससे सरकार ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने यह भी कहा कि आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाना महिलाओं के लिए बड़ी गौरव की बात है।

जेजेपी विधायक नैना चौटाला ने आगे कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल द्वारा 100 रूपए से शुरू की गई बुढ़ापा पेंशन आज गठबंधन सरकार में 3000 रुपए तक पहुंच गई है और ऐसा समय भी आएगा, जब हम इसे 5100 रूपए भी करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि किसान हित में 14 फसलों को एमएसपी पर खरीदना और सीधा किसानों के खातों में एक लाख करोड़ रुपए का भुगतान करना किसानों के हित में है। इसी तरह नैना चौटाला ने हिसार हवाई अड्डे का विकास, पायलटों को प्रशिक्षण, ड्रोन तकनीक को बढ़ावा, 9 हजार किलोमीटर लंबी अतिरिक्त सड़कों को दुरुस्त करना, नए आरओबी-आरयूबी बनाना, खरखौदा मारुति प्लांट आदि को प्रदेश के हित में बताया। इससे पहले उन्होंने प्रश्नकाल के दौरान दादरी जिले से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं में इजाफे की कई मांगें रखी।