चंडीगढ़, 3 जून 2023: चंडीगढ़ भाजपा केंद्र की मोदी सरकार के सफलतापूर्वक 9 वर्ष पूर्ण होने पर शहर में इन वर्षों में स्थापित हुए विकास के तीर्थों पर युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों व आर.डब्ल्यू.ऐ. सदस्यों को रविवार को विशेष भ्रमण करवाएगी, जिसका उद्देश्य हर वर्ग तक शहर में हुए विकास कार्यों का संदेश पहुंचाना है। इस अवसर पर विशेष रूप से भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद व महापौर अनूप गुप्ता मौजूद रहेंगे।
सर्वप्रथम सुबह ग्यारह बजे शहर की बस्तियों के युवाओं को सेक्टर 18 स्थित एयर फ़ोर्स हेरिटेज म्यूजियम के दर्शन करवाए जाएंगे जिस से उन्हे सुरक्षा बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा सके। उसके बाद दुपहर 12:30 पर दिव्यांगजनोंं व कुष्ट आश्रम में रहने वाले लोगों को बर्ड पार्क घुमाने लेकर जाया जाएगा। इसी प्रकार शाम चार बजे महिलाओं को मखन माजरा में स्थापित नई गऊ शाला लेकर जाया जाएगा, जहां उन्हें दिखाया जाएगा कि कैसे वहां गऊ माता की सेवा की जाती है। शाम पांच बजे वरिष्ठ नागरिकों को सेक्टर 17 के इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर घुमाया जाएगा, जिससे उन्हें यह यह सुनिश्चित किया जा सके कि किस प्रकार कैमरों के माध्यम से उनकी सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है। अंत में शाम छः बजे शहर के आर.डब्ल्यू.ऐ. के सदस्यों को इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 में बने हॉर्टिकल्चर वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को दिखाया जाएगा कि किस प्रकार वहां हार्टिकल्चर वेस्ट की प्रोसेसिंग का कार्य किया जाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में जो शहर में विकास के कार्य हुए हैं उनसे होने वाले लाभ को शहर वासियों को बताना है। उन्होंने बताया कि यह कार्य भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मंत्र सेवा, सुशाशन और गरीब कल्याण' को चरितार्थ करते हैं।