असंध, 25.01.23- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा की टीम नेताजी सुभाष चंद्र बोस को अपना आदर्श मानते हुए संगठन को मजबूत बनाने के काम में जुट जाए। वे असंध लोक निर्माण विश्राम गृह में भारतीय जनता युवा मोर्चा के असंध मंडल की नवनियुक्त कार्यकारिणी के सदस्यों और पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुशील सिंगरोहा ने की और मोर्चा के जिला अध्यक्ष ललित डाबरा व प्रदेश मीडिया प्रभारी संदीप सजुमा द्वारा संगठनात्मक विषयों पर नई पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों का मार्गदर्शन किया गया।
डॉ. चौहान ने कहा कि जैसे भारतीय जनता पार्टी संसार की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है ठीक उसी तरह भारतीय जनता पार्टी का युवा मोर्चा भी दुनिया में युवाओं का सबसे बड़ा राजनीतिक मंच है। युवा मोर्चा युवा शक्ति को राजनीतिक क्षेत्र में प्रभावी तरीके से काम करते हुए राष्ट्र निर्माण से लेकर राष्ट्र रक्षा तक के लिए न केवल तैयार करता है बल्कि उन्हें सीधे तौर पर सेवा का अवसर प्रदान करता है।युवा मोर्चा से राजनीति की शुरुआत करने वाले भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता आज केंद्र और राज्यों की सरकारों में उच्चतम पदों पर पहुंचे हैं। डॉ. चौहान ने युवा शक्ति का आवाहन किया कि वह 2024 में असंध विधानसभा रूपी दुर्ग पर एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी का कमल निशान वाला झंडा फहराने के लिए पुरजोर परिश्रम करें।
संदीप सजुमा ने कहा कि युवा मोर्चा पार्टी के भीतर ताजगी और तेज दोनों का प्रतीक है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की परंपराओं और कार्यशैली को समझकर कार्य करने की प्रेरणा दी। जिला अध्यक्ष ललित डाबरा ने कहा कि नए पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ताकत के साथ करें।डाबड़ा ने कहा कि वे स्वयं और संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी नव नियुक्त पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों के साथ कदम से कदम मिलाकर उन्हें आगे बढ़ने में मदद करेंगे।इससे पहले जिलाध्यक्ष व अन्य विशिष्ट अतिथियों का मंडल के हाल ही में नियुक्त हुए अध्यक्ष सुशील सिंगरोहा ने स्वागत किया।जिलाध्यक्ष ने नई नियुक्त किए गए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की।सभी नए पदाधिकारियों का मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता सज्जन अत्री, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हरवीर सिंह और वरिष्ठ अधिवक्ता नरेंद्र शर्मा ने भी युवाओं का मार्गदर्शन किया।