डीसी किरण भड़ाना ने लुहणू क्रिकेट मैदान में अंडर-19 इंडियन वुमेन चैलेंजर कप-2026 का किया शुभारंभ, महिला क्रिकेट को मिलेगा बढ़ावा
‘छोटे कदम, बड़े अरमान, बेटियां बनेंगी भारत की शान’ थीम के साथ शुरू हुई प्रतियोगिता, 5 नवंबर को खेला जाएगा फाइनल

बिलासपुर, 30 अक्तूबर: लुहणू क्रिकेट मैदान में शुक्रवार को अंडर-19 इंडियन वुमेन चैलेंजर कप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा बेल रिंगिंग सेरेमनी के माध्यम से प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन देने और बेटियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता की थीम गुलाबी रखी गई है।
प्रतियोगिता की टैगलाइन ‘छोटे कदम, बड़े अरमान, बेटियां बनेंगी भारत की शान’ रखी गई है, जो महिला सशक्तीकरण और खेलों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी का संदेश देती है। इसी थीम के अनुरूप लुहणू क्रिकेट मैदान के प्रवेश द्वार सहित पूरे परिसर को गुलाबी रंग से सजाया गया है।
इस अवसर पर उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि खेल बेटियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां आज प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों की प्रतिभाशाली लड़कियों को भी अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलते हैं।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का उद्देश्य देश के दूरदराज क्षेत्रों में भी महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करना तथा अधिक से अधिक लड़कियों को क्रिकेट से जोड़ना है। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को भारतीय टीम में चयन का अवसर मिलेगा। चयनित खिलाड़ी आगामी एशिया कप और विश्व कप जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट युवा महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
प्रतियोगिता में इंडिया-ए, इंडिया-बी, इंडिया-सी और इंडिया-डी की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को खेला जाएगा।
इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी, खेल प्रेमी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।