सीवरेज़ डालने के चलते 6 अक्तूबर तक देहरी कदाना सड़क बन्द रहेगी

धर्मशाला 21 सितम्बर: एसडीएम फतेहपुर के अनुरोध पर जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने रैहन-कदाना सड़क पर सीवरेज का काम करने के लिए वाहनों की आवाजाही को 6 अक्तूबर तक अस्थायी रूप से बंद करने की अधिसूचना जारी कर दी है। लोगों की सुविधा केे लिए इस अवधि के दौरान, देहरी-कदाना सड़क का इस्तेमाल वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक रास्ते के तौर पर किया जाएगा। अधिसूचना के अनुसार अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति डिवीजन, फतेहपुर, कार्य स्थल पर उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी वाले साइनबोर्ड और सभी ज़रूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है जबकि संबंधित पुलिस अधिकारी सड़क बंद रहने की अवधि के दौरान ट्रैफिक को नियंत्रित करने अथवा मोड़ने के लिए ज़रूरी इंतज़ाम करेंगे।
=========================================
देहरा बासा सड़क पर यातायात 21 अक्तूबर तक बंद रहेगा

धर्मशाला 21 सितम्बर: एसडीएम देहरा के अनुरोध पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने अधिसूचित किया है कि बनखंडी बासा वाया मेहवा गार्ड हट सड़क के स्तरोन्नत कार्य की वजह से यह सड़क सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए 22 सितम्बर से 21 अक्तूबर तक बन्द रहेगी। इस दौरान इस क्षेत्र के लोगों को यातायात के विकल्प के तौर पर बनखंडी हरिपुर सड़कमार्ग के इस्तेमाल करने का अनुरोध किया है।
==========================================
बीड़ चौक से लेंडिंग साइट तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

धर्मशाला 21 सितम्बर: पुलिस अधीक्षक कांगड़ा ने बताया कि बीड़ चौक से लेंडिंग साइट तक सड़क संकरी होने पर लगने वाले ट्रेफिक जाम के कारण स्थानीय निवासियों, पैदल चलने वालों, स्कूल जाने वाले बच्चों और सड़क का इस्तेमाल करने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ आपातकालीन वाहनों की सुचारू आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
इस पर जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने अधिसूचना जारी की है कि बीड़ चौक से लेंडिंग साइट तक प्रातः 7 बजे से प्रातः 11 बजे तक वोल्वो व मल्टी-एक्सल बसों की आवाजाही सीमित अथवा प्रतिबंधित रहेगी। यह अधिसूचना एम्बुलेंस, फायर टेंडर, पुलिस वाहनों, आपातकालीन सेवाओं में लगे सरकारी वाहनों और अन्य आपातकालीन वाहनों, और सक्षम प्राधिकारी द्वारा विशेष रूप से छूट प्राप्त अन्य वाहनों पर लागू नहीं होगा। उन्होंने एसपी कांगड़ा को इस प्रतिबंध को तत्काल सख्ती से लागू करने के निर्देश दिये हैं।
===========================================
बड़ा भंगाल में मोबाइल टावर स्थापित करने की औपचारिकताएं शीघ्र करें पूर्ण: उपायुक्त
बड़ा भंगाल में मोबाइल कनेक्टिविटी को लेकर उपायुक्त ने बीएसएनएल के साथ की समीक्षा बैठक

धर्मशाला, 21 सितंबर: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में आज जिला कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल में मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाने के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बीएसएनएल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2024 में किए गए सर्वेक्षण को आधार बनाते हुए मोबाइल टावर स्थापित करने की प्रक्रिया को पुनः शुरू किया जाए तथा आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं।
उपायुक्त ने बीएसएनएल से प्रस्तावित मोबाइल टावर की स्थापना के लिए विस्तृत लागत अनुमान उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इसमें टावर, आवश्यक उपकरण एवं अन्य सामग्री की लागत के साथ-साथ बड़ा भंगाल तक हेलीकाॅप्टर के माध्यम से सामग्री एवं उपकरण पहुंचाने पर होने वाले परिवहन व्यय को भी शामिल करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि बीएसएनएल से लागत अनुमान एवं आवश्यक तकनीकी विवरण प्राप्त होने के बाद मामले को राज्य सरकार के समक्ष आवश्यक स्वीकृतियों एवं वित्तीय प्रावधान के लिए प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि उपलब्ध संसाधनों एवं आवश्यक अनुमोदनों के आधार पर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चालू वर्ष के दौरान ही कार्य शुरू करवाने की संभावनाओं के लिए प्रयास किए जाएंगे, बशर्ते आवश्यक तकनीकी, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां प्राप्त हो जाएं।
उन्होंने कहा कि बड़ा भंगाल जैसे दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क केवल संचार सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपदा प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासनिक समन्वय के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेषकर मानसून एवं अन्य आपदा की परिस्थितियों में बेहतर संचार व्यवस्था स्थानीय लोगों, प्रशासन और बचाव दलों के बीच त्वरित संपर्क स्थापित करने में सहायक होगी।
बैठक में वरिष्ठ महाप्रबंधक बीएसएनएल डाॅ. विपिन मोर्य ने बताया कि बीएसएनएल के द्वारा वर्ष 2024 में बड़ा भंगाल क्षेत्र में मोबाइल टावर स्थापित करने की संभाव्यता को लेकर सर्वेक्षण किया गया था। हालांकि, क्षेत्र की अत्यंत कठिन भौगोलिक परिस्थितियों तथा आवश्यक सामग्री एवं उपकरणों की आवाजाही से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक एवं लाॅजिस्टिक चुनौतियों के कारण टावर स्थापना की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
बैठक में बीएसएनएल के डीजीएम जेपी गर्ग, एजीएम डीपी शर्मा, एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी कांगड़ा राॅबिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।