श्रावण अष्टमी मेला 13 से 21 अगस्त तक, मेलावधि के दौरान माता श्री चिंतपूर्णी में लागू रहेगी विशेष व्यवस्था
ऊना, 10 अगस्त। माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में श्रावण अष्टमी नवरात्र मेले के दौरान लोगों की सुविधा और सुचारू कानून व्यवस्था के लिए 13 से 21 अगस्त तक विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। इसे लेकर जिला दंडाधिकारी जतिन लाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता(बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के मुताबिक मेले के दौरान कानून व्यवस्था में तैनात जवानों को छोड़कर किसी भी व्यक्ति द्वारा हथियार लेकर चलने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी।
जतिन लाल ने बताया कि नवरात्र के दौरान ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए मंदिर न्यास को छोड़कर अन्यों के लाऊड स्पीकर के इस्तेमाल करने पर पूर्ण मनाही रहेगी। मेले के दौरान ब्रास बैंड़, ड्रम, लंबे चिमटे इत्यादि के लाने पर भी पूर्ण पाबंदी रहेगी। यदि कोई व्यक्ति इन वस्तुओं को अपने साथ लाता है तो उन्हें पुलिस द्वारा स्थापित बैरियर पर ही जमा करवाना होगा। साथ ही इस दौरान पॉलीथीन के इस्तेमाल पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। खुले में और सड़क किनारे लंगर लगाने पर भी प्रतिबंध रहेगा और आतिशबाजी इत्यादि की भी अनुमति नहीं होगी।
उपायुक्त ने कहा कि मेलावधि के दौरान माता श्री चिंतपूर्णी में बनाए गए पर्ची काउंटर पर पंजीकरण करवाएं बिना दर्शन की अनुमति नहीं होगी।
=======================================
सादगी और सेवा भाव के साथ विधायक विवेक शर्मा ने मनाया जन्मदिन
रक्तदान शिविर, रोजगार मेले का आयोजन, 500 आशा वर्करों, आंगनबाड़ी एवं मिड-डे मील कार्यकर्ताओं का सम्मान
बंगाणा, 10 अगस्त। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने सोमवार को अपना जन्मदिन सादगी, सेवा और जनकल्याण के संदेश के साथ मनाया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी मृदु शर्मा और माता विद्या देवी भी उनके साथ मौजूद रहीं।
विधायक विवेक शर्मा समूर स्थित लता मंगेशकर कला केंद्र पहुंचे, जहां क्षेत्रवासियों, समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजों के साथ उनका स्वागत किया। लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर, शॉल पहनाकर और मिठाई खिलाकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कुटलैहड़ की जनता का स्नेह और विश्वास उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है।
जन्मदिन के अवसर पर कुटलैहड़ युवा कांग्रेस की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 14 लोगों ने रक्तदान किया। विधायक ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का श्रेष्ठ कार्य है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से भी समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस दौरान युवाओं के लिए रोजगार मेले का आयोजन भी किया गया, जिसमें करीब 47 युवाओं ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। विधायक ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर कुटलैहड़ के युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान कुटलैहड़ क्षेत्र में जमीनी स्तर पर सेवाएं दे रही करीब 500 आशा वर्करों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा मिड-डे मील कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। विधायक ने प्रत्येक कार्यकर्ता को कुकर और हॉट केस प्रदान कर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं की ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सामाजिक सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। हिमाचली कलाकारों ने पहाड़ी गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पारंपरिक पहाड़ी धाम का भी आनंद लिया।
इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने अपने करीब दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में करीब 202 करोड़ रुपये के विकास कार्य धरातल पर शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ को विकास का मॉडल बनाना उनका लक्ष्य है। जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ की सेवा ही उनका प्रमुख लक्ष्य है तथा आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, पूर्व मंत्री एवं राज्य एससी आयोग अध्यक्ष कुलदीप कुमार, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिंका, उपायुक्त जतिन लाल, उपमंडल अधिकारी सोनू गोयल, तहसीलदार अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता तथा कुटलैहड़ क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।