आरसेटी ने 29 महिलाओं को सिखाया मोमबत्ती उत्पादन

हमीरपुर 27 अप्रैल। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित 12 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 29 महिलाओं ने मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर के समापन अवसर पर प्रतिभागी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने कहा कि संस्थान के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे व्यक्तिगत रूप से या समूह का गठन करके अपना उद्यम स्थापित कर सकती हैं। उद्यम स्थापित करने के लिए बैंकों से ऋण लेने हेतु आरसेटी भी उनकी मदद कर सकता है।
शिविर के समापन अवसर पर वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, शिविर के मूल्यांकनकर्ता सोमदत्त शर्मा, मुकेश कुमार, फैकल्टी मैंबर विनय चौहान, ट्रेनर किरण और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

==============================

अब रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति के समय भी हो सकेगी ई-केवाईसी, उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील

मंडी, 27 अप्रैल। जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले बिजेंद्र सिंह पठानिया ने बताया कि जिला में गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और विभाग द्वारा नियमित रूप से एल०पी०जी० सिलेंडर की निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिला में कार्यरत 24 गैस एजेंसियों में लगभग 7501 घरेलू सिलेण्डर उपलब्ध हैं जोकि जिला की दैनिक खपत के अनुसार पर्याप्त हैं। इसके अतिरिक्त जिला में कार्यरत समस्त गैस एजेंसियों को रूट चार्ट के अनुसार ही सभी क्षेत्रों में गैस की आपूर्ति करने बारे एवं उपभोक्ताओं की ई-केवाइसी को पूर्ण करवाने के लिए भी निर्देशित किया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वह जब भी वह गैस रीफिल के वितरण के लिए विस्तार बिन्दुओं पर जाते हैं तो यहां पर उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी करना भी सुनिश्चित करें, ताकि उपभोक्ताओं को गैस कनैक्शन सम्बन्धित सेवाएं प्राप्त करने में भी किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने जिला के समस्त एल०पी०जी० उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि जब भी गैस एजेंसी के कर्मचारी आपके विस्तार बिन्दुओं पर गैस आपूर्ति करने आते हैं तो उनसे अपने कनैक्शन की ई-केवाईसी पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें।

=======================================

विद्युत उपमंडल-III मंडी में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू, सहयोग न करने पर अस्थायी रूप से काटा जाएगा कनेक्शन
मंडी, 27 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के विद्युत उपमंडल-III मंडी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों भ्यूली, पुरानी मंडी, खलियार, बिजनी, मैगल, पाखरी, द्रंग, रोपडु, नसलोह, स्कोर, रेहराधार, बारी गुमाणु, तुंग, चौकी भतेड़ में मौजूदा बिजली मीटरों को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस कार्य के दौरान यदि कोई उपभोक्ता बाधा उत्पन्न करता है या विभागीय टीम का सहयोग नहीं करता है, तो विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 163(3) के तहत नोटिस जारी कर उसका बिजली कनेक्शन अस्थायी रूप से काटा जा सकता है।
सहायक अभियंता होशियार सिंह राणा ने बताया कि विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 163(1) के अनुसार बोर्ड के अधिकृत अधिकारी या कर्मचारी निरीक्षण, परीक्षण, मरम्मत, परिवर्तन तथा विद्युत मीटर व संबंधित उपकरणों के प्रतिस्थापन के लिए किसी भी परिसर में प्रवेश करने के लिए अधिकृत हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के परिसर में लगे मीटर एवं सर्विस लाइन विभाग की संपत्ति है, जिस पर उपभोक्ता स्वामित्व का दावा नहीं कर सकते।
उन्होंने इस क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने फोन नंबर को अपनी कंज्यूमर आईडी के साथ कार्यालय में आकर अवश्य अपडेट करवाएं। ऐसा न करने पर भविष्य में बिजली बिल की जानकारी प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है।

=========================

सोलन-दिनांक 27.04.2026

जंगलों में आग लगने की घटनाओं की रोकथाम से सम्बन्धित आदेश जारी

ज़िला सोलन में ग्रीष्म ऋतु के दौरान जंगलों में लगने वाली आग के कारण सार्वजनिक संपत्ति और जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के दृष्टिगत उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने हिमाचल प्रदेश ग्राम एवं लघु नगर गश्त अधिनियम, 1964 की धारा 3 के तहत आदेश जारी किए हैं।
आदेशों के अनुसार ग्रीष्म ऋतु के दौरान सोलन ज़िला के समस्त गांवों के निवासी सभी सक्षम पुरुष जंगलों में आग से बचाव के लिए गश्त लगाने के लिए उत्तरदायी होंगे। यह आदेश 15 जुलाई, 2026 तक लागू रहेंगे।

==========================================

हिमाचल एक्स सर्विसेज लीग सायरी ममलीग जुब्बड़हट्टी की त्रैमासिक बैठक आयोजित
हिमाचल एक्स सर्विसेज लीग सायरी ममलीग जुब्बड़हट्टी ज़िला सोलन-शिमला (पंजीकृत) की त्रैमासिक बैठक आज सायरी में चेयरमैन वेटरन सूबेदार मेजर नरेश कौंडल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
वेटरन सूबेदार मेजर नरेश कौंडल ने सभी से समाज की विसंगतियों और कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सैनिक सामुदायिक भवन निर्माण के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है।
सैनिक कल्याण अधिकारी सूबेदार विशाल बराल ने इस अवसर पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
इस अवसर पर 1 जैक राइफल जतोग से दो सैनिक पदाधिकारियों ने भी वीर नारियों, दिव्यांगों और पूर्व सैनिकों की पात्रता एवं हकदारी पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
बैठक में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।