NEW DELHI,17 दिसंबर 2018 से डीडी किसान पर देश का पहला ऐसा रिएलिटी शो टेलीकास्ट होने जा रहा हैं जिसमें देश भर से आयीं महिला किसान भाग ले रहीं हैं। कश्मीर, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, नार्थ-ईस्ट के सभी राज्य, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, प.बंगाल, गोवा, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पॉंडूचेरी, दिल्ली देश के हर राज्य से सफल महिला किसान इस शो में भाग ले रहीं हैं। इन महिला किसानों का चयन कृषि के क्षेत्र में कार्यरत देश के प्रीमियरइंस्टीटयूटICAR ने किया है।

देश की कृषि में महिलाओं की भागीदारी 70 प्रतिशत से अधिक है। लेकिन उनकी इस भागीदारी के बावजूद उन्हें वह पहचान नहीं मिल पायी है जिसकी की वह हकदार हैं। पहली बार डीडी किसान ने महिला किसान अवार्ड्स की शुरुआत करके इन महिला किसानों की उपलब्धियों को देश के सामने लाने का प्रयास किया है। देश के हर हिस्से से आयीं महिला किसानों के संघर्ष और सफलता की कहानियों को उन्हीं के माध्यम से देश के सामने लाने का प्रयास किया गया है।

जननी अर्थात मां जो हमें अपनी कोख से जन्म देती है। ये जननी जब दूसरी जननी… अर्थात हमारी धरती मां से मिलती है, जो अपनी कोख से अन्न प्रदान करके, हमें जीवन जीने की शक्ति देती है और जीने की राह देती है । इन दोनों के मिलन सृष्टि का व्यापार चलता है। एक स्वस्थ परिवार और समाज का निर्माण होता है। सर्वत्र उल्लास फैलता है। जननी से जननी के मिलन का उत्सव हैं ये महिला किसान अवार्ड्स ।

प्रत्येक एपिसोड में 2 महिला किसान अपनी उपलब्धियों को जजेस के सामने बतायेंगीं। ये जज कृषि कार्य के विशेषज्ञ हैं साथ ही कला के क्षेत्र से जुड़ी एक जज भी रहेंगी। जजेस महिला किसानों के कार्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण करेंगे और इनको अंक देंगे। सीरिज़ के अंत में 5 महिला किसान जिन्हें जजेस ने सबसे अधिक अंक दिए होंगे उन्हें फाइनल में भेजा जायेगा जहां देश की सफल महिला किसान की घोषणा की जायेगी।

महिला किसान अवार्ड्स इस मामले में भी अनूठे हैं, इसमें भाग लेने वाली हर महिला किसान अपने आप में विजेता हैं। ये मंच महिला किसानों को एक दूसरे के अनुभव से कुछ सीखने सिखाने का अवसर प्रदान कर रहा हैं। साथ ही घर बैठी लाखों महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा जो जीवन में कुछ करना चाहती हैं लेकिन उचित मार्गदर्शन के अभाव में कर नहीं पा रहीं हैं।